राजधानी में दो संस्थानों के मध्य समझौता, कैंसर मरीज होंगे लाभान्वित
कल्याण सिंह कैंसर संस्थान और दक्षायणी एंड अमरावती हेल्थ एंड एजुकेशन के बीच समझौता

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में दो संस्थानों के मध्य समझौता किया गया।
बुधवार को कल्याण सिंह अति विशिष्ट कैंसर संस्थान एवं दक्षायणी एंड अमरावती हेल्थ एंड एजुकेशन, गुरुग्राम, नई दिल्ली के मध्य कॉर्पोरेट सामाजिक उत्तरदायित्व के अंतर्गत पूर्व में हस्ताक्षरित समझौता ज्ञापन का विस्तार किया गया।
जिसमें संस्थान निदेशक प्रो.ऍमएलबी भट्ट एवं दक्षायणी एंड अमरावती हेल्थ एंड एजुकेशन की ओर से शांतनु सतपथी ने एमओयू के विस्तार पर हस्ताक्षर किए।
इस समझौते के तहत संस्था द्वारा हेड एंड नेक कैंसर के मरीजों को लगभग 850 प्रोटीन सप्लीमेंट किट निःशुल्क उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके अतिरिक्त प्रत्येक मरीज को 1 किलोग्राम दाल एवं 1 किलोग्राम खाद्य तेल भी प्रदान किया जाएगा।
ज्ञात हो कि पूर्व में एक वर्ष की अवधि के लिए हुए एमओयू के अंतर्गत संस्था द्वारा हेड एंड नेक कैंसर के मरीजों को 960 प्रोटीन सप्लीमेंट किट निःशुल्क उपलब्ध कराई गई थीं। जिनमें कुल 2700 यूनिट प्रोटीन शामिल थीं।
इसके साथ ही मरीजों को स्वच्छता संबंधी सामग्री, माउथवॉश, औषधीय किट आदि भी प्रदान की गई थीं।
हेड एंड नेक कैंसर के मरीजों को उपचार एवं उपचार के बाद फॉलोअप की अवधि में पर्याप्त पोषण और प्रोटीन की आवश्यकता होती है।
कैंसर के उपचार के दौरान कई मरीजों को पोषण संबंधी समस्याओं का सामना करना पड़ता है। ऐसे में यह पहल मरीजों के पोषण स्तर को बनाए रखने तथा उनके उपचार के दौरान आवश्यक पोषण संबंधी जरूरतों को पूरा करने में महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान करेगी।
इस अवसर पर संस्थान के मुख्य चिकित्सा अधीक्षक प्रो. विजेंद्र कुमार, चिकित्सा अधीक्षक डॉ. वरुण विजय एवं कार्यकारी कुलसचिव डॉ. आयुष लोहिया और दक्षायणी एंड अमरावती हेल्थ एंड एजुकेशन की ओर से पंकज बोकेन एवं प्रांशु कुशवाहा मौजूद रहे।



