उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

स्वतंत्रता दिवस पर विधायक ने निकाली बाइक रैली 

 25 किमी यात्रा तय कर जगाई भारत माता की अलख

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर निजी स्कूलों से लगाकर सरकारी संस्थानों, गली मोहल्ला, चौक चौराहा सड़क देश भक्तों के जयकारों से गूंज उठा।

वहीं स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर सरोजनी नगर के विधायक डॉ. राजेश्वर सिंह के नेतृत्व में राजधानी में बाइक रैली निकाली गई। जिसमें लगभग 25 किलोमीटर लंबी यात्रा तय करते हुए बंथरा से शुरू होकर रैली में हज़ारों युवाओं ने भारी बारिश के बावजूद तिरंगा लहराते हुए देशभक्ति की मिशाल पेश की।

डॉ. सिंह स्वयं बुलेट बाइक पर सवार होकर युवाओं को मार्गदर्शन और प्रेरणा देते रहे। रैली ट्रांसपोर्ट नगर, तेलीबाग, बंगला बाजार होते हुए डॉ. भीमराव अंबेडकर ऑडिटोरियम, कानपुर रोड और एलडीए कॉलोनी तक पहुँची। रैली के दौरान डॉ. राजेश्वर सिंह ने युवाओं को संबोधित करते हुए कहा कि युवाओं के नए विचार भारत को नई ऊँचाइयों तक ले जाएंगे।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में प्रदेश और देश में युवाओं को हर स्तर पर सशक्त बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। डॉ. सिंह ने यह भी याद दिलाया कि भारत ने पिछले हजार वर्षों में कई आक्रमण सहन किए, लेकिन आज देश आत्मविश्वास और शक्ति के साथ आगे बढ़ रहा है।

डॉ. सिंह ने युवाओं से राष्ट्र के प्रति जागरूक रहने का आह्वान किया और पड़ोसी देशों में पनप रही भारत-विरोधी, संस्कृति-विरोधी तथा महिला-विरोधी विचारधाराओं के खिलाफ सक्रिय रहने की प्रेरणा दी।

उन्होंने कहा कि स्टार्ट-अप इंडिया, डिजिटल इंडिया और मेक इन इंडिया के माध्यम से भारत आज विश्व का तीसरा सबसे बड़ा स्टार्ट-अप इकोसिस्टम बन गया है और इसका लक्ष्य देश को वैश्विक शक्ति बनाना है। रैली में डॉ. सिंह ने तिरंगे को भारत के गौरवशाली अतीत, वर्तमान की प्रतिबद्धता और भविष्य की आकांक्षाओं का प्रतीक बताते हुए कहा कि आवश्यक हुआ तो तिरंगे की आन-बान-शान के लिए प्राण भी न्यौछावर किए जा सकते हैं।

उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे स्त्रियों, माता-पिता और बुजुर्गों का सम्मान करें और सदैव राष्ट्र के लिए तत्पर रहें। भारी बारिश के बावजूद यह रैली भारत के गौरव, एकता और युवाशक्ति का भव्य उत्सव बनी।

इसमें पूर्व केंद्रीय मंत्री कौशल किशोर, पूर्व सांसद रीना चौधरी, भाजपा जिला अध्यक्ष विजय मौर्य, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित अनेक गणमान्य नेता और कार्यकर्ता उपस्थित रहे। डॉ. राजेश्वर सिंह की इस पहल ने राजधानी में स्वतंत्रता दिवस समारोह को और भी जीवंत और यादगार बना दिया।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button