सेवा संकल्प अभियान के तहत लगा स्वास्थ्य शिविर
407 मरीजों ने लिया स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। स्वास्थ्य विभाग द्वारा मरीजों को घर के समीप स्वास्थ्य सुविधा प्रदान की गयी।
मंगलवार को सेवा संकल्प अभियान के तहत काकोरी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर स्वास्थ्य शिविर आयोजित किया गया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ एनबी सिंह ने बताया कि शिविर में एरा मेडिकल कॉलेज से आए हड्डी रोग विशेषज्ञ ने मरीजों को परामर्श एवं उपचार की सेवाएं प्रदान की।
उन्होंने कहा कि इन शिविरों के माध्यम से लोगों को उनके घर के समीप ही विशेषज्ञ चिकित्सकों की स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं, जो सरकार की मंशा के अनुरूप है।
जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी योगेश रघुवंशी ने बताया कि शिविर में कुल 407 लोगों की ओपीडी हुई। इनमें हड्डी रोग के 25, बाल रोग के 40, नेत्र रोग के 25, स्त्री रोग के 76, प्रसूति रोग के 55, गैर-संचारी रोग (एनसीडी) के 60 और सामान्य रोग के 130 मरीज शामिल रहे।
शिविर में 14 लोगों की अल्ट्रासाउंड, 25 की एक्स-रे और तीन लोगों की ईसीजी जांच की गई।
सहयोगी संस्था गुड हेल्थ केयर की ओर से प्रसवपूर्व एवं प्रसव पश्चात देखभाल, नवजात शिशुओं के स्वास्थ्य, स्वच्छता और पोषण को लेकर लोगों को जागरूक किया गया।
इस मौके पर आईएएस श्वेता, सीएचसी अधीक्षक डॉ. केडी मिश्रा सहित सीएचसी के अन्य अधिकारी, कर्मचारी तथा संस्था गुड हेल्थ केयर की अध्यक्षा निदा फातिमा मौजूद रहीं।



