मुख्यमंत्री ने भू जल संरक्षण कार्यों पर समीक्षा बैठक
कैच द रेन’ अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित करने के दिए निर्देश

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में भू जल संरक्षण को लेकर दिशा निर्देश दिए गए। रविवार को
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मौसम की स्थिति, मानसून की प्रगति, पेयजल आपूर्ति तथा भूजल संरक्षण से संबंधित कार्यों की उच्चस्तरीय समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि मौसम की अनिश्चितता और संभावित कम वर्षा की परिस्थितियों को देखते हुए जल संरक्षण को जनआंदोलन बनाया जाए। पानी की एक भी बूंद व्यर्थ न जाए तथा प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आह्वान पर संचालित ‘कैच द रेन’ अभियान को और अधिक प्रभावी ढंग से संचालित किया जाए।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश के किसी भी क्षेत्र में पेयजल संकट की स्थिति उत्पन्न न होने पाए। जलापूर्ति व्यवस्था निर्बाध एवं सुचारु बनी रहे।
मुख्यमंत्री ने सिंचाई विभाग, पंचायती राज विभाग, भूगर्भ जल विभाग, नमामि गंगे, राजस्व तथा कृषि विभाग को मिलकर जल संरक्षण और वर्षाजल संचयन के लिए समेकित कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। कार्ययोजना को जल संरक्षण, हरित ऊर्जा एवं आधुनिक सिंचाई तकनीक से जोड़ा जाए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि अमृत सरोवरों के संरक्षण, स्वच्छता एवं नियमित रखरखाव पर विशेष ध्यान दिया जाए तथा सरकारी भवनों को वर्षाजल संचयन और जल संरक्षण का आदर्श मॉडल बनाया जाए।



