महर्षि वाल्मीकि जयंती पर महिला कर्मचारी सम्मानित
नगर निगम जोन 6 में कर्मचारी हुए सम्मानित

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। कर्मचारियों को सम्मानित किया गया। मंगलवार को महर्षि वाल्मीकि जयंती पर नगर निगम द्वारा मिशन शक्ति कार्यक्रम के अंतर्गत एक विशेष आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं समानता, सम्मान और सेवा भाव, को जन-जन तक पहुँचाना था।
इस अवसर पर जोन 8 में जोनल अधिकारी अजीत राय ने सफाई मित्रों और महिला कर्मचारियों को उनकी लगन, निष्ठा और कार्य के प्रति समर्पण के लिए फूलमाला पहनाकर और मिठाई वितरण कर सम्मानित किया।
उन्होंने कहा कि सफाई कर्मी नगर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, जो दिन-रात समर्पण भाव से शहर को स्वच्छ और सुंदर बनाए रखने में योगदान दे रहे हैं।
इसी क्रम में जोन 6 में भी महर्षि वाल्मीकि जयंती हर्षोल्लास के साथ मनाई गई। जोनल अधिकारी मनोज यादव ने स्वच्छता पर आधारित एक गीत प्रस्तुत कर स्वच्छता का संदेश दिया और कर्मचारियों को प्रेरित किया।
उन्होंने सफाई कर्मियों, महिला कर्मियों एवं अन्य कर्मचारियों को फूलमाला, शाल और मिठाई देकर सम्मानित किया।
इसके साथ ही कार्यक्रम में मिशन शक्ति अभियान के तहत महिलाओं की सुरक्षा, अधिकार और सशक्तिकरण से जुड़ी जानकारियाँ दी गईं। नागरिकों को महिला हेल्पलाइन 1090, आपातकालीन सेवा 112 और महिला सहायता हेल्पलाइन 181 जैसे महत्वपूर्ण नंबरों की जानकारी देकर जागरूक किया गया।
इस पहल का मुख्य उद्देश्य समाज में नारी सशक्तिकरण, समानता और स्वच्छता के महत्व को बढ़ावा देना तथा सफाई कर्मियों के योगदान को सम्मान देना था।
महर्षि वाल्मीकि की शिक्षाओं से प्रेरित यह आयोजन नगर निगम लखनऊ के उस सतत प्रयास का प्रतीक है। जिसके माध्यम से समाज में सेवा, सम्मान और सामाजिक उत्तरदायित्व की भावना को सशक्त किया जा रहा है।



