बच्चों में दुर्घटनाओं की रोकथाम पर किया जागरूक
आरएमएल में बच्चों के प्राथमिक उपचार पर चला जागरूकता कार्यक्रम

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। बच्चों के दुर्घटना रोकथाम के लिए जागरूक किया गया।
मंगलवार को चाइल्ड हेल्थ नर्सिंग विभाग कॉलेज ऑफ नर्सिंग, डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के बीएससी नर्सिंग पंचम सेमेस्टर के विद्यार्थियों द्वारा समूह
परियोजना के रूप में आरपीजी अस्पताल के बाह्य रोगी विभाग (ओपीडी) में बच्चों में दुर्घटनाओं की रोकथाम एवं प्राथमिक उपचार विषय पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।
कार्यक्रम में डॉ. श्रीकेश सिंह, चिकित्सा अधीक्षक, आरपीजी अस्पताल प्रो. डॉ. शिवकुमार मुदगल, प्राचार्य तथा प्रो. निपिन कलाल, उप-प्राचार्य की उपस्थिति रही।
विद्यार्थियों को कार्यक्रम के लिए लीना प्रवीण जॉन, पार्वथी सी. एवं वर्षा द्विवेदी द्वारा मार्गदर्शन प्रदान किया गया। साथ ही अल्पना, नर्सिंग अधीक्षक तथा डीएनएस अधिकारियों का सहयोग प्राप्त हुआ।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य आरपीजी अस्पताल के ओपीडी में आने वाले अभिभावकों एवं आम जनता को बच्चों में होने वाली दुर्घटनाओं की रोकथाम तथा दुर्घटना की स्थिति में प्राथमिक उपचार के प्रति जागरूक करना था।
विद्यार्थियों ने पोस्टर एवं भूमिका-अभिनय के माध्यम से बच्चों में होने वाली सामान्य दुर्घटनाओं जैसे गिरना, जलना, दम घुटना, विषाक्तता एवं अन्य चोटों से बचाव तथा प्राथमिक उपचार की जानकारी प्रभावी ढंग से दी।
पोस्टर एवं भूमिका-अभिनय के माध्यम से अभिभावकों को बच्चों की उचित निगरानी, घर में सुरक्षित वातावरण बनाए रखने, दवाइयों एवं विषैले पदार्थों को बच्चों की पहुँच से दूर रखने तथा दुर्घटना होने पर तत्काल प्राथमिक उपचार एवं समय पर चिकित्सा सहायता लेने के लिए जागरूक किया गया।
इस समूह परियोजना के माध्यम से विद्यार्थियों में स्वास्थ्य शिक्षा, संचार, प्रस्तुतीकरण, भूमिका-अभिनय एवं सामुदायिक सहभागिता संबंधी कौशल विकसित करने के साथ-साथ बच्चों की सुरक्षा एवं दुर्घटना-रोकथाम के प्रति जन-जागरूकता बढ़ाने का प्रयास किया गया।



