403 विधानसभा क्षेत्रों में गूंजेगी प्रधानमंत्री मोदी की 25 वर्षों की सेवा यात्रा- ब्रजेश पाठक
प्रदेश भर में सेवा संकल्प अभियान के तहत होंगे कार्यक्रम

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। प्रदेश के 403 विधान सभा क्षेत्रों में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के 25 वर्षो की सेवा यात्रा गूजेंगी। रविवार को बीजेपी मुख्यालय पर आयोजित प्रेस वार्ता में डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी द्वारा 17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ का संचालन किया जा रहा है।
अभियान के तहत उत्तर प्रदेश में जनसेवा और जनकल्याण से जुड़े विभिन्न कार्यक्रमों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की सेवा यात्रा को जन-जन तक पहुंचाने की विशेष पहल की गई है।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जीवन, संघर्ष, सेवा, समर्पण और राष्ट्र निर्माण की यात्रा को रंगमंचीय प्रस्तुतियों के जरिए लोगों के बीच पहुंचाया जाएगा।
पूरे देश के साथ, उत्तर प्रदेश के सभी 403 विधानसभा क्षेत्रों में विभिन्न रंगमंचीय एवं सांस्कृतिक संस्थाओं के सहयोग से इन प्रस्तुतियों का आयोजन किया जाएगा।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि नुक्कड़ नाटकों से लेकर भव्य रंगमंचीय प्रस्तुतियों के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन के विभिन्न प्रेरक प्रसंगों को मंच पर जीवंत किया जाएगा।
गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में उनके कार्यकाल से लेकर प्रधानमंत्री के रूप में राष्ट्र सेवा तक की यात्रा को नाट्य प्रस्तुतियों के जरिए प्रस्तुत किया जाएगा।
उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने बताया कि इन प्रस्तुतियों का आयोजन स्कूल-कॉलेज, सामुदायिक केंद्रों तथा अन्य सार्वजनिक स्थलों पर किया जाएगा।
कलाकार नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से भी लोगों के बीच पहुंचेंगे और प्रधानमंत्री मोदी के 25 वर्षों के सार्वजनिक जीवन तथा जनसेवा से जुड़े विभिन्न पहलुओं को सरल और प्रभावी तरीके से प्रस्तुत करेंगे।
पीएम के सेवा कार्यों को जन-जन तक पहुचायेंगे..
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने बताया कि अभियान के माध्यम से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में हुए विभिन्न जनकल्याणकारी कार्यों और ‘विकसित भारत’ के संकल्प को भी जन-जन तक पहुंचाएंगे।
भाजपा कार्यकर्ता पूरे अभियान के दौरान विभिन्न सेवा गतिविधियों के माध्यम से जनता के बीच रहेंगे और जनभागीदारी को बढ़ावा देंगे।
‘नमो सेवा-अनकही कहानियां’ की प्रस्तुतियों में प्रधानमंत्री मोदी के जीवन को सेवा, समर्पण और सुशासन की यात्रा के रूप में मंचित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि रंगमंच की प्रभावशाली अभिव्यक्ति के माध्यम से राष्ट्र सेवा के प्रति उनके संकल्प और सार्वजनिक जीवन के 25 वर्षों की यात्रा को समाज के विभिन्न वर्गों, विशेषकर युवाओं तक पहुंचाने का प्रयास होगा।
सेवा संकल्प अभियान के जरिए भाजपा का उद्देश्य जनसेवा को जनभागीदारी से जोड़ना और विकसित भारत के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाना है।



