विश्व क्षय रोग दिवस पर किया जागरूक
एमबीबीएस छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से बताये टीबी के लक्षण व उपाय

लखनऊ भारत प्रकाश न्यूज़। एमबीबीएस छात्रों ने नुक्कड़ नाटक के माध्यम से टीबी के लक्षण व उपाय बताये।
मंगलवार को विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर कम्युनिटी मेडिसिन विभाग द्वारा शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र उज्जरियांव में एक जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य आम जन में क्षय रोग (टीबी) के प्रति जागरूकता बढ़ाना तथा इसके रोकथाम एवं उपचार के बारे में जानकारी प्रदान करना था।
जिसे डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह के निर्देशन में किया गया। कार्यक्रम की शुरुआत संस्थान के चिकित्सा अधीक्षक, प्रो. डॉ. अरविंद कुमार सिंह द्वारा जनसामान्य के संवेदनशीलता सत्र से हुई।
उन्होंने अपने संबोधन में टीबी से जुड़ी प्रमुख चुनौतियों पर प्रकाश डाला तथा इस बीमारी से प्रभावी ढंग से मुकाबला करने के उपायों के बारे में विस्तार से बताया।
इसके पश्चात रेस्पिरेटरी मेडिसिन विभाग से डॉ. पुलकित गुप्ता द्वारा टीबी की दवाओं, उपचार पद्धति तथा रोकथाम के उपायों पर एक महत्वपूर्ण व्याख्यान प्रस्तुत किया गया, जिससे उपस्थित लोगों को रोग की सही जानकारी प्राप्त हुई।
कार्यक्रम की विशेष आकर्षण एमबीबीएस बैच 2023 के छात्रों द्वारा प्रस्तुत नुक्कड़ नाटक रहा, जिसमें टीबी के लक्षण, उपचार और सामाजिक जागरूकता को प्रभावी एवं रोचक ढंग से दर्शाया गया। इस प्रस्तुति ने दर्शकों को जागरूक करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
कार्यक्रम का समापन शहरी स्वास्थ्य प्रशिक्षण केंद्र, उज्जरियों प्रभारी डॉ. रश्मि कुमारी द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया गया। उन्होंने सभी प्रतिभागियों एवं आयोजकों का आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में भी इस प्रकार के जन-जागरूकता कार्यक्रमों के आयोजन पर बल दिया।
कार्यक्रम के अंत में सभी प्रतिभागियों को प्रमाण-पत्र वितरित कर सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन डॉ. शिखर के मार्गदर्शन में विभाग के फैकल्टी सदस्यों, रेजिडेंट्स, इंटर्न्स, मेडिकल सोशल वर्कर एवं अन्य स्टाफ के सहयोग से संपन्न हुआ।



