उत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबर

स्वास्थ्य पेशा मानवता,समाज सेवा का सर्वोच्च माध्यम – डॉ. सीएम सिंह

नववर्ष 2026 के पहले दिन संस्थान निदेशक संकाय सदस्यों को किया सम्बोधित

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। डॉ राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान में नववर्ष के पहले दिन संकाय सदस्यों एवं नर्सिंग स्टॉफ को सेवा का पाठ पढ़ाया गया।

गुरुवार को संस्थान निदेशक प्रो. सीएम सिंह ने संकाय सदस्यों एवं नर्सिंग स्टाफ को सम्बोधित करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं का पेशा मानवता और समाज की सेवा का सर्वोच्च माध्यम है। किसी भी संस्थान की पहचान केवल भव्य भवनों या आधुनिक अवसंरचना से नहीं होती, बल्कि वहाँ कार्यरत कर्मियों की निष्ठा, समर्पण और सेवाभाव से ही संस्थान जीवंत रहता है।

नर्सिंग स्टाफ को संबोधित करते हुए निदेशक ने संस्थागत कार्य संस्कृति (इंस्टिट्यूशनल वर्क कल्चर) के सुदृढ़ क्रियान्वयन पर बल दिया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक रोगी भले ही स्वास्थ्यकर्मियों के लिए एक सामान्य रोगी हो, परंतु रोगी के लिए अस्पताल में बिताया गया समय जीवन भर का अनुभव बन जाता है।

ऐसे में रोगियों के प्रति व्यवहार, संवेदनशीलता और उपचार की गुणवत्ता ही उनके अच्छे या बुरे अनुभव का आधार बनती है।

संकाय सदस्यों को संबोधित करते हुए प्रो. सिंह ने अपने कार्य में उत्कृष्टता देने का आह्वान किया और कहा कि संकाय की प्रगति ही संस्थान की प्रगति है।

उन्होंने नए संकाय सदस्यों से शोध कार्यों में सक्रिय सहभागिता करने, बाह्य वित्तपोषित (एक्स्ट्रामुरल) परियोजनाएँ प्राप्त करने तथा शोध गतिविधियों को सुदृढ़ करने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि शोध का पक्ष एक चिकित्सक को पूर्णता प्रदान करता है।

संस्थान का आधिकारिक यूट्यूब चैनल लॉन्च.

इस अवसर पर संस्थान द्वारा अपना आधिकारिक यूट्यूब चैनल भी लॉन्च किया गया, जिसका उद्घाटन स्वयं निदेशक द्वारा किया गया। यूट्यूब चैनल पर निदेशक का संबोधन अपलोड किया गया।

इस चैनल के माध्यम से आमजन को संस्थान से संबंधित सामान्य जानकारी प्रदान करने के साथ-साथ संकाय सदस्यों द्वारा शैक्षणिक विषयों एवं व्याख्यानों को साझा किया जाएगा। जिससे मेडिकल छात्रों को अपने ज्ञानवर्धन में सहायता मिलेगी।

कार्यक्रम में संस्थान का प्रशासन, संकाय सदस्य एवं अन्य अधिकारीगण उपस्थित रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button