अंतर्राष्ट्रीयउत्तर प्रदेशजीवनशैलीबड़ी खबरराष्ट्रीय

एनबीआरआई के वैज्ञानिक डॉ वाघ लिनियन सोसाइटी ऑफ लंदन का फेलो निर्वाचित 

डॉ. विजय विष्णु वाघ को संस्थान निदेशक ने दी बधाई 

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। एनबीआरआई के वैज्ञानिक डॉ वाघ ने अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर उपलब्धि हासिल की।

बुधवार को राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान के वैज्ञानिक डॉ. विजय विष्णु वाघ को यूनाइटेड किंगडम की प्रतिष्ठित लिनियन सोसाइटी ऑफ लंदन का फेलो निर्वाचित किया गया है। उनका निर्वाचन बीते माह 15 अक्टूबर 2026 को औपचारिक रूप से प्रमाणित किया गया था ।

वर्ष 1788 में स्थापित लिनियन सोसाइटी ऑफ लंदन विश्व की सबसे पुरानी सक्रिय जैविक वैज्ञानिक संस्था है, जो प्राकृतिक इतिहास के अध्ययन एवं विकास के लिए समर्पित है।

इस संस्था की गौरवशाली परंपरा जैविक विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता को प्रोत्साहित करने तथा जैव विविधता एवं प्राकृतिक संसार के अध्ययन में उल्लेखनीय योगदान देने वाले वैज्ञानिकों को सम्मानित करने की रही है।

डॉ. वाघ को यह प्रतिष्ठित फेलोशिप पादप वर्गिकी (प्लांट टैक्सॉनामी ), पादप प्रणाली विज्ञान (सिस्टमेटिक्स ) एवं जैव विविधता संरक्षण (बायोडाइवर्सिटी कंसर्वेशन ) के क्षेत्रों में उनके महत्वपूर्ण वैज्ञानिक योगदान के लिए प्रदान की गई है।

ये अनुसंधान क्षेत्र पादप विविधता के दस्तावेजीकरण एवं वैज्ञानिक समझ विकसित करने, विभिन्न पादप प्रजातियों के पारस्परिक संबंधों के अध्ययन तथा पादप संसाधनों के संरक्षण एवं सतत उपयोग को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। वहीं

डॉ. वाघ की इस प्रतिष्ठित उपलब्धि पर बधाई देते हुए एनबीआरआई एवं सीएसआईआर-आईआईआईएम के निदेशक डॉ. ज़बीर अहमद ने कहा

“यह संस्थान के लिए अत्यंत गर्व और प्रसन्नता का विषय है कि डॉ. विजय विष्णु वाघ को प्रतिष्ठित लिनियन सोसाइटी ऑफ लंदन का फेलो निर्वाचित किया गया है।

यह अंतरराष्ट्रीय सम्मान पादप वर्गिकी, पादप प्रणाली विज्ञान एवं जैव विविधता संरक्षण के क्षेत्र में उनके वैज्ञानिक समर्पण और महत्वपूर्ण योगदान का प्रमाण है। इस प्रकार की उपलब्धियां संस्थान में किए जा रहे अनुसंधान की गुणवत्ता एवं वैश्विक प्रासंगिकता को दर्शाती हैं।

डॉ. वाघ को इस उल्लेखनीय उपलब्धि के लिए बधाई देता हूं और आशा करता हूं कि उनकी यह सफलता युवा शोधकर्ताओं एवं वैज्ञानिकों को वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उत्कृष्टता प्राप्त करने तथा जैव विविधता संरक्षण से जुड़ी वैश्विक चुनौतियों के समाधान में योगदान देने के लिए प्रेरित करेगी।”

डॉ. वाघ का इस प्रतिष्ठित फेलोशिप के लिए निर्वाचन उनके वैज्ञानिक जीवन की एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है तथा वनस्पति विज्ञान के क्षेत्र में उनके योगदान की अंतरराष्ट्रीय स्वीकार्यता को दर्शाता है।

यह उपलब्धि वैज्ञानिक अनुसंधान के क्षेत्र में संस्थान की उत्कृष्टता एवं वैज्ञानिक क्षमताओं को भी रेखांकित करती है। संस्थान भारत सरकार के विज्ञान एवं प्रौद्योगिकी मंत्रालय के अंतर्गत वैज्ञानिक तथा औद्योगिक अनुसंधान परिषद की एक प्रमुख अनुसंधान प्रयोगशाला है।

यह सम्मान भारतीय वनस्पति अनुसंधान की अंतरराष्ट्रीय पहचान को और सुदृढ़ करता है तथा जैव विविधता के दस्तावेजीकरण, संरक्षण एवं सतत विकास से जुड़ी समकालीन चुनौतियों के समाधान में वर्गिकी एवं प्रणाली विज्ञान संबंधी अध्ययनों के महत्व को रेखांकित करता है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button