मुख्यमंत्री ने पुलिस उप निरीक्षकों एवं प्लाटून कमांडरों को बांटे नियुक्ति पत्र
सुरेश खन्ना, राजेश्वर सिंह,संजय प्रसाद, राजीव कृष्ण रहे मौजूद

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को मजबूती प्रदान की गयी।
शुक्रवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ मिशन रोजगार के अंतर्गत निष्पक्ष एवं पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से उत्तर प्रदेश पुलिस में नवचयनित 4543 उपनिरीक्षकों एवं प्लाटून कमांडरों को नियुक्ति पत्र का वितरण किया।
वहीं मुख्यमंत्री ने पुलिस बल का हिस्सा बनने के लिए अभ्यर्थियों को दीपावली पर्व की बधाई दी। मुख्यमंत्री ने कहा
सभी नवनियुक्त सब-इंस्पेक्टर स्वयं को एक प्रभावी एवं जिम्मेदार भूमिका के लिए तैयार करें।
पुलिस की परंपरागत ट्रेनिंग के साथ-साथ साइबर सिक्योरिटी , एआई और ड्रोन टेक्नोलॉजी जैसे क्षेत्रों में भी अत्याधुनिक प्रशिक्षण की प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
हमने आधुनिक सुविधाओं से युक्त ट्रेनिंग सेंटर तैयार किए हैं। आप सभी इस नई प्रशिक्षण पद्धति के लिए स्वयं को मानसिक रूप से तैयार रखें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश पुलिस में शामिल हो रहे ये युवा अपनी प्रतिभा, ऊर्जा, परिश्रम एवं पुरुषार्थ से प्रदेश की जनता की सेवा करेंगे। उनका योगदान प्रदेश की सुरक्षा व्यवस्था को सुदृढ़ करते हुए 25 करोड़ प्रदेशवासियों के जीवन में खुशहाली के नए अवसर सृजित करेगा।
मैंने कहा था कि अगले 6 महीनों में हम 1 लाख युवाओं को नियुक्ति पत्र वितरित करेंगे। मुख्यमंत्री ने कहा
25 अगस्त को कृषि विभाग के 3,572 अधिकारी,
19 सितंबर को आयुष, चिकित्सा एवं स्वास्थ्य तथा उद्यान विभाग के 818 कार्मिक,
20 सितंबर को पुलिस विभाग के 912 कार्मिक,
22 सितंबर को शिक्षा विभाग के 3,567 अभ्यर्थी,
28 सितंबर को पंचायती राज विभाग के 1,375 कार्मिक,
8 अक्टूबर को उत्तर प्रदेश पुलिस में 470 खिलाड़ियों,
5 नवंबर को 28 फॉरेंसिक साइंटिस्ट्स
और आज उत्तर प्रदेश पुलिस के विभिन्न विंग्स में सब-इंस्पेक्टर के 4,543 पदों पर चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए गए है। मुख्यमंत्री ने कहा
दीपावली के तुरंत बाद, भैया दूज के अगले ही दिन राजस्व विभाग के 1,200 से अधिक चयनित अभ्यर्थियों को नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
इसके बाद उत्तर प्रदेश पुलिस भर्ती एवं प्रोन्नति बोर्ड के माध्यम से 42,000 होमगार्ड्स को नियुक्ति पत्र दिए जाएंगे।
वहीं, उत्तर प्रदेश पुलिस में 32,000 कांस्टेबल एवं हेड कांस्टेबल की भर्ती प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। वर्तमान में सत्यापन की प्रक्रिया चल रही है। इसके पूरा होते ही इन अभ्यर्थियों को भी नियुक्ति पत्र वितरित किए जाएंगे।
युवाओं को नियुक्ति पत्र देने का यह सिलसिला अनवरत जारी रहेगा।साथ ही मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर तंज कसते हुए कहा कि भर्ती प्रक्रिया में भाई भतीजावाद नहीं किया गया है।
यहाँ सभी हमारे लिए परिवार का हिस्सा हैं। जबकि पिछली सरकार में भर्ती प्रक्रिया में बड़ा सिंडिकेट कार्य करता था वह सब ख़त्म कर दिया है।
इस मौके पर वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, विधायक राजेश्वर सिंह प्रमुख सचिव गृह संजय प्रसाद, पुलिस महानिदेशक उत्तर प्रदेश राजीव कृष्ण एवं महापौर सुषमा खर्कवाल व अन्य अधिकारी कर्मचारी मौजूद रहे।



