चिकित्सकों ने एक स्वर में कहा पौधरोपण के साथ नियमित देखभाल भी जरुरी
यूनानी अस्पताल में डॉक्टरों ने किया पौधरोपण

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डॉक्टरों ने पौध रोपण के साथ नियमित देखभाल करने की बात दोहराई। रविवार को
“एक पेड़ माँ के नाम” थीम के तहत राजकीय तकमील उत्तीब यूनानी कॉलेज अस्पताल में पौध रोपण किया गया। जिसमें 150 से अधिक औषधीय एवं अन्य पौधे लगाए गए।
इस अवसर पर प्रोफेसर जमाल अख्तर, निदेशक यूनानी सेवाएं, उत्तर प्रदेश, कालेज प्राचार्य प्रो अब्दुल क़वी, एवं चिकित्सालय एवं संस्थान के फैकल्टी सदस्यों, चिकित्सकों, अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने सहभागिता निभाई।
कार्यक्रम के दौरान संस्थान परिसर में लगभग 150 औषधीय एवं अन्य पर्यावरण हितैषी पौधों का रोपण किया गया। सभी प्रतिभागियों ने “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान के अंतर्गत अपनी माताओं के सम्मान एवं पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए पौधे लगाए तथा उनके संरक्षण का संकल्प लिया।
वहीं वक्ताओं ने कहा कि वृक्षारोपण प्रकृति के प्रति हमारी जिम्मेदारी का प्रतीक है। “एक पेड़ माँ के नाम” अभियान न केवल पर्यावरण संरक्षण का संदेश देता है, बल्कि मातृ सम्मान, हरित भविष्य और आने वाली पीढ़ियों के लिए स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण सुनिश्चित करने का भी प्रेरणादायक माध्यम है।
कार्यक्रम के अंत में प्राचार्य प्रोफेसर अब्दुल क़वी ने सभी उपस्थित अधिकारियों, शिक्षकों एवं कर्मचारियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि प्रत्येक व्यक्ति को लगाए गए पौधों की नियमित देखभाल का संकल्प लेना चाहिए, तभी यह अभियान अपने वास्तविक उद्देश्य को प्राप्त कर सकेगा।
इसी क्रम में प्रोफेसर मनीराम सिंह ने कहा कि वृक्षारोपण प्रकृति के प्रति हमारी कृतज्ञता को दर्शाता है, हमे वृक्षारोपण तक ही सीमित नहीं रहना है बल्कि हमारे द्वारा जिस भी पौधे को रोपा गया है,उन पौधों में खाद -पानी व सुरक्षा की जिम्मेदारी भी हमारी होनी चाहिए ।
समय समय पर पौधों का निरीक्षण व परीक्षण भी जरूरी है। अब देखना यह दिलचस्प हो गया है कि जो पौधे लगाए गए उनकी कितनी देखभाल होती है।



