मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों को करें निस्तारण – नवदीप रिणवा
मुख्य निर्वाचन अधिकारी अधिकारियों के साथ की वुर्चुअल बैठक

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों को निस्तारण करने के सख्त निर्देश दिए गए। सोमवार को
उत्तर प्रदेश के मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने मतदाता सूची में दोहरी प्रविष्टियों को हटाने तथा आगामी 24 अक्टूबर को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवस की तैयारियों के संबंध में समस्त जिला निर्वाचन अधिकारियों एवं निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारियों के साथ वर्चुअल बैठक की।
उन्होंने निर्देश दिए कि मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जाएं।
इस कार्य में किसी भी स्तर पर शिथिलता अथवा लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी तथा लापरवाही पाए जाने पर संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों की जवाबदेही निर्धारित करते हुए कार्रवाई की जाएगी।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने निर्देशित किया कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण (एसआईआर) के दौरान एक ही मतदाता द्वारा एक से अधिक आवेदन प्रस्तुत कर मतदाता सूची में नाम दर्ज कराए जाने से उत्पन्न दोहरी प्रविष्टियों के मामलों को गंभीरता से लिया जाए।
बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) के माध्यम से ऐसे मतदाताओं को चिह्नित कर नियमानुसार फार्म-7 भरवाकर दोहरी प्रविष्टियों से संबंधित मामलों का शीघ्र निस्तारण सुनिश्चित किया जाए।
बीएलओ सुपरवाइजर नियमित निगरानी करते हुए कार्य में तेजी लाएं। निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (ईआरओ) एवं सहायक निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी (एईआरओ) इस कार्य की प्रभावी समीक्षा कर समयबद्ध प्रगति सुनिश्चित करें।
उन्होंने निर्देश दिए कि आगामी 12 नवंबर को प्रकाशित होने वाली आलेख्य मतदाता सूची को शुद्ध एवं त्रुटिरहित बनाने के लिए दोहरी प्रविष्टियों के मामलों का नियमानुसार निस्तारण प्राथमिकता के आधार पर किया जाए।
ईआरओनेट में किए गए सभी आवश्यक अपडेट एवं प्रक्रियागत बदलावों की जानकारी बूथ लेवल अधिकारियों को दी जाए तथा उन्हें आवश्यक प्रशिक्षण भी उपलब्ध कराया जाए, ताकि मतदाता सूची से संबंधित कार्यों का निष्पादन निर्धारित प्रक्रिया के अनुरूप किया जा सके।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने कहा कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची में अभी भी कई पात्र नागरिक शामिल होने वंचित रह गये हैं, ऐसे पात्र नागरिकों को जागरूक कर मतदाता सूची में उनका नाम दर्ज कराने के लिए व्यापक अभियान चलाया जाए।
उन्होंने निर्देश दिए कि 24 अक्टूबर, 2026 को आयोजित होने वाले विशेष अभियान दिवस को सफल बनाने के लिए विभिन्न विभागों, स्वयंसेवी संस्थाओं, बूथ लेवल एजेंटों (बीएलए), सभासदों, ग्राम प्रधानों आदि का सहयोग लिया जाए।
अभियान के दौरान मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से छूटे पात्र नागरिकों तथा पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही महिलाओं एवं दिव्यांगजनों सहित सभी पात्र नागरिकों का नाम मतदाता सूची में शामिल कराने के लिए प्रभावी प्रयास किए जाएं।



