पीएम मोदी के नेतृत्व में भारत अनेक क्षेत्रों में स्थापित किये नये आयाम – ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ने ‘सेवा यात्रा’ में युवाओं से किया संवाद

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने वडनगर से काशी जा रही सेवा यात्रा में युवाओं से संवाद किया। रविवार को
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने राजधानी स्थित प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के सार्वजनिक जीवन एवं राष्ट्रसेवा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में आयोजित देशव्यापी ‘सेवा संकल्प अभियान’ के अंतर्गत गुजरात के वडनगर से काशी तक जा रही ‘सेवा यात्रा’ में सहभागिता की।
इस दौरान उन्होंने युवा साथियों से संवाद किया तथा पौधारोपण कर पर्यावरण संरक्षण एवं सामाजिक जिम्मेदारी का संदेश दिया। ‘सेवा संकल्प अभियान’ का देशव्यापी शुभारंभ 17 सितंबर को प्रधानमंत्री के जन्मदिवस के अवसर पर किया गया था। वहीं
उपमुख्यमंत्री बृजेश पाठक ने कहा कि देश की आजादी के बाद हमें यशस्वी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के रूप में ऐसा नेतृत्व मिला है, जिनके कार्यकाल में भारत ने विभिन्न क्षेत्रों में अनेक नए आयाम स्थापित किए हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के सार्वजनिक जीवन की 25 वर्षों की यात्रा सेवा, जनभागीदारी और राष्ट्र के प्रति समर्पण से जुड़ी रही है।
प्रधानमंत्री ने स्वयं भी 2001 में गुजरात के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेने के बाद सरकार के मुखिया के रूप में अपनी 25वीं वर्ष की सेवा-यात्रा का उल्लेख किया है।
डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने कहा कि वडनगर से काशी तक की ‘सेवा यात्रा’ केवल एक स्थान से दूसरे स्थान तक पहुंचने की यात्रा नहीं है।
बल्कि सेवा, समर्पण, सामाजिक सहभागिता और राष्ट्रनिर्माण के संकल्प को जन-जन तक पहुंचाने का माध्यम है। वडनगर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की जन्मस्थली है और काशी उनका लोकसभा क्षेत्र है।
इस दृष्टि से यह यात्रा उनके जीवन के महत्वपूर्ण पड़ावों को सेवा और जनभागीदारी के संदेश से जोड़ती है। प्रधानमंत्री की आधिकारिक जीवनी भी वडनगर को उनके प्रारंभिक जीवन से जोड़ती है।
“आज की युवा शक्ति भारत का भविष्य..
उन्होंने कहा कि आज देश की युवा शक्ति भारत के भविष्य की सबसे महत्वपूर्ण ऊर्जा है। युवाओं को सामाजिक कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, जनसेवा और राष्ट्रनिर्माण की गतिविधियों से जोड़कर समाज में सकारात्मक परिवर्तन की गति को और तेज किया जा सकता है।
सेवा यात्रा के माध्यम से युवाओं के साथ संवाद और पौधारोपण जैसे कार्यक्रम सेवा के संकल्प को व्यवहारिक रूप देने का प्रयास हैं।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य देश की सामूहिक आकांक्षा से जुड़ा है। इस लक्ष्य की प्राप्ति में युवा शक्ति की सक्रिय भागीदारी महत्वपूर्ण है।
उन्होंने युवाओं से आह्वान किया कि वे समाज के प्रति अपनी जिम्मेदारियों को समझें और पर्यावरण संरक्षण, स्वच्छता, शिक्षा, स्वास्थ्य तथा जनकल्याण के कार्यों में सक्रिय सहभागिता करें।
इस अवसर पर प्रदेश उपाध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा (गुजरात) कुलदीप बरोट, दिव्य पाल सिंह सोलंकी, प्रदीप भाई देसाई, प्रदेश उपाध्यक्ष, भारतीय जनता युवा मोर्चा सोनू वाल्मीकि,
ब्लॉक प्रमुख ओम प्रकाश शुक्ला, जिला महामंत्री धीरू पांडेय, पूर्व विधायक चंद्र रावत, प्रदेश महामंत्री अनुसूचित मोर्चा पुष्पेंद्र पासी, जिला मंत्री मुकेश शर्मा, पूर्व प्रधान सुरेंद्र दीक्षित, पूर्व ब्लॉक प्रमुख नितिन जायसवाल, प्रधान निगोहा अभय दीक्षित सहित अन्य उपस्थित रहे।



