डॉक्टरों ने जटिल कैंसर की सर्जरी करने में पायी बड़ी सफलता
दूरबीन विधि से पैंक्रियाज के जटिल कैंसर की सफल सर्जरी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डॉक्टरों ने दूरबीन विधि से पैंक्रियाज के जटिल कैंसर की सफल सर्जरी करने में बड़ी सफलता हासिल की। बुधवार को
डॉक्टर राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के जनरल सर्जरी विभाग द्वारा मरीज़ों में दूरबीन विधि का निरंतर उपयोग कर समुचित उपचार में अग्रणी भूमिका निभा रहा है।
जिसमें जनरल सर्जरी विभाग के डॉक्टर विकास सिंह और उनकी टीम ने पैंक्रियाज के जटिल कैंसर को सफल रूप से ऑपरेशन कर विशिष्ट मानक स्थापित कर दिए हैं । ज्ञात हो कि प्रदेश के किसी भी संस्थान में पैंक्रियाज कैंसर के आपरेशन सामान्यत जनरल सर्जरी विभाग में नहीं किये जाते।
आज़मगढ़ में जेसीबी चलाने वाले 32 वर्षीय हरिराम यादव दो महीने से पेट दर्द एवं पीलिया से परेशान थे, जो कई जगह इलाज करवाने पर भी ठीक नहीं हो रहा था । अप्रैल माह में उनको खून की उल्टियां एवं मलद्वार से खून आने की भी शिकायत शुरू हो गई तथा लगातार बुखार के नाते वह काफ़ी परेशान रहने लगे।
सब जगह से निराश होने के बाद उन्होंने संस्थान में ओपीडी में डॉक्टर विकास सिंह से परामर्श लिया। जिसमें जांचों के उपरांत उनके पैंक्रियाज के हैड पर गंभीर कैंसर की पुष्टि हुई । सामान्यत इस प्रकार के कैंसर में बड़े चीरे वाले ऑपरेशन किए जाते हैं।
जिससे मरीज़ को लंबे समय तक अस्पताल में रुकना पड़ता है । दूरबीनें विधि से इस प्रकार के जटिल ऑपरेशन करना अत्यंत कठिन है इसलिए दूरबीन विधि से इन्हें करने की सुविधाएँ अत्यंत सीमित है।
रोग की गंभीरता को दृष्टिगत रखते हुए एवं मरीज़ के हित को ध्यान रखते हुए दूरबीन विधि से इस ऑपरेशन को करने का फ़ैसला लिया गया। डॉक्टर विकास सिंह के कुशल नेतृत्व में
यह सर्जरी पूरी तरीक़े से दूरबीन विधि द्वारा पूरी की गई की गई । इस जटिल सर्जरी के दौरान डॉक्टर सपना सिंह डॉक्टर हिमांशु मिश्रा डॉक्टर मोहम्मद साद डॉक्टर समाया बाजपेई एवं डॉक्टर आकाश त्रिपाठी ने मुख्य भूमिका निभाई ।
लगभग 12 घंटे चले इस ऑपरेशन को सफल रूप से करने का बराबर श्रेय बेहोशी विभाग के डॉक्टर अनुराग श्रीवास्तव एवं उनकी टीम को भी जाता है । ऑपरेशन के दौरान ऑपरेशन के उपरांत मरीज़ पूर्णतया स्वस्थ है तथा अपने वास्तविक दिनचर्या में लौट आया है।
इस प्रकार के जटिल ऑपरेशन को दूरबीन विधि से सफल रूप से पूरा करने के लिए संस्थान प्रशासन ने डॉक्टर विकास सिंह एवं डॉक्टर अनुराग श्रीवास्तव एवं संबंधित समस्त टीम को बधाई दी।



