नारी केवल परिवार ही नहीं, बल्कि राष्ट्र की शक्ति का आधार – आनंदीबेन पटेल
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में महिलाओं की भागीदारी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित कार्यक्रम में महिलाओं ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया। गुरुवार को
सूर्य कमान के तत्वावधान में अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि के रूप में उप्र की राज्य पाल आनंदीबेन पटेल उपस्थित रहीं।
कार्यक्रम में वरिष्ठ सैन्य अधिकारी, आर्मी महिला कल्याण एसोसिएशन की सदस्याएँ, वीर नारियाँ तथा सैनिकों के परिवारजन उपस्थित रहे।
कार्यक्रम का शुभारंभ राष्ट्रीय गीत, राष्ट्रीय गान तथा दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके पश्चात AWWA द्वारा सैनिक परिवारों के कल्याण, शिक्षा और महिला सशक्तिकरण के क्षेत्र में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों पर आधारित एक लघु फिल्म प्रदर्शित की गई।
वहीं राज्यपाल ने विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट योगदान देने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया। राज्यपाल ने समाज और राष्ट्र निर्माण में महिलाओं की महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डालते हुए कहा कि नारी केवल परिवार ही नहीं, बल्कि समाज और राष्ट्र की शक्ति का आधार है।
उन्होंने विशेष रूप से सैनिकों की पत्नियों, माताओं और वीर नारियों के त्याग, साहस और धैर्य की सराहना की, जो राष्ट्र की सुरक्षा में अप्रत्यक्ष किन्तु अत्यंत महत्वपूर्ण योगदान देती हैं।
कार्यक्रम का संचालन क्षेत्रीय अध्यक्ष AWWA, रुचिरा सेनगुप्ता के मार्गदर्शन में किया गया।जिनके नेतृत्व में सैनिक परिवारों के सशक्तिकरण, कौशल विकास और कल्याण के अनेक प्रेरणादायक प्रयास किए जा रहे हैं।
कार्यक्रम के अंत में सेना कमांडर लेफ्टिनेंट जनरल अनिंद्य सेनगुप्ता ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया तथा महिलाओं के सशक्तिकरण और सम्मान के प्रति भारतीय सेना की प्रतिबद्धता को दोहराया।
इसके उपरांत राज्यपाल ने रक्तदान शिविर का उद्घाटन किया तथा AWWA द्वारा लगाए गए विभिन्न स्टॉलों का अवलोकन किया।
यह आयोजन महिलाओं की शक्ति, नेतृत्व और योगदान का उत्सव होने के साथ-साथ उनके सशक्तिकरण और सम्मान के प्रति भारतीय सेना की निरंतर प्रतिबद्धता का प्रतीक भी रहा।



