विधान परिषद सदस्य ने अभियान को दिखाई हरी झंडी, किया रवाना
23 मार्च तक चलेगा अभियान, मुख्य चिकित्साधिकारी रहे मौजूद

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। कुष्ट रोग उन्मूलन के लिए अभियान को हरी झंडी दिखाई गयी। सोमवार को
राष्ट्रीय कुष्ठ उन्मूलन कार्यक्रम के अंतर्गत जनपद में कुष्ठ रोगी खोजी अभियान की शुरुआत सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र इंदिरा नगर से की गयी। विधान परिषद सदस्य मुकेश शर्मा ने अभियान में लगी टीमों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया ।
इस अवसर पर श्री शर्मा ने कहा कि सरकार की मंशा कुष्ठ रोग को जड़ से समाप्त करने की है। इसी उद्देश्य से समय-समय पर जागरूकता और खोजी अभियान चलाए जा रहे हैं, जिससे मरीजों की समय रहते पहचान हो सके और उन्हें उपचार मिल सके।
उन्होंने यह भी कहा कि समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना बेहद जरूरी है, ताकि लोग बिना किसी डर या झिझक के इलाज कराएं।वहीं
मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. एनबी सिंह ने बताया कि सोमवार से शुरू हुआ हुआ यह अभियान 23 मार्च तक चलेगा। अभियान के दौरान स्वास्थ्य विभाग की टीमें घर-घर जाकर लोगों की जांच करेंगी, ताकि छिपे हुए कुष्ठ रोगियों की पहचान कर उन्हें समय पर उपचार उपलब्ध कराया जा सके व इसके प्रसार को रोका जा सके।
उन्होंने बताया कि कुष्ठ रोग एक बैक्टीरिया से होने वाला संक्रामक रोग है, जिसका इलाज संभव है और समय पर उपचार से मरीज पूरी तरह स्वस्थ हो सकते हैं।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने जनपदवासियों से अपील की कि जब स्वास्थ्य कार्यकर्ता घर पर आएं तो उनका सहयोग करें और परिवार के सभी सदस्यों की जांच अवश्य कराएं। हर नागरिक का सहयोग कुष्ठ-मुक्त जनपद के लक्ष्य को हासिल करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। साथ ही
जिला कुष्ठ रोग अधिकारी डॉ. एके सिंघल ने बताया कि इस अभियान के लिए दो सदस्यीय 4600 टीमों का गठन किया गया है। प्रत्येक टीम में एक पुरुष और एक महिला स्वास्थ्य कार्यकर्ता शामिल होंगे, जो घर-घर जाकर लोगों की जांच करेंगे।
उन्होंने बताया कि जनपद में बीते वर्ष 1 अप्रैल से 28 फरवरी तक कुल 199 कुष्ठ मरीज पंजीकृत किए गए, जबकि 221 मरीजों का उपचार किया गया। इस अवधि में चार बाल कुष्ठ रोगियों और दो दिव्यांग मरीजों की पहचान भी हुई है। इसके अलावा वित्तीय वर्ष 2025-26 में 257 मरीजों को विशेष फुटवियर भी वितरित किए गए हैं।
जनपद में बिंदवा, बरगवां और ज्योति नगर में कुष्ठ आश्रम संचालित हैं।
इस अवसर पर सभी अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी, जिला स्वास्थ्य शिक्षा एवं सूचना अधिकारी, सीएचसी अधीक्षक, जिला कुष्ठ परामर्शदाता सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



