इजराइल में श्रमिकों को हेल्पलाइन नंबर जारी
इजराइल ईरान हमले को ले जारी हेल्पलाइन नंबर

6,004 यूपी श्रमिकों पर सरकार की निगरानी जारी
लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। इजराइल ईरान के बीच हमले को लेकर भारतीय श्रमिकों के लिए हेल्पलाइन नंबर जारी किया गया है। रविवार को
वर्तमान में उत्तर प्रदेश के कुल 6,004 निर्माण श्रमिक इजराइल में विभिन्न निर्माण कंपनियों में कार्यरत हैं।
ये श्रमिक राष्ट्रीय कौशल विकास निगम (एनएसडीसी) एवं इजराइल की सरकारी संस्था पीबा (पॉपुलेशन, इमिग्रेशन एंड बॉर्डर ऑथोरिटी) के माध्यम से चयनित होकर वर्ष 2024 के दौरान इजराइल भेजे गए थे।
ये श्रमिक इजराइल की विभिन्न निर्माण कंपनियों, परियोजनाओं में कार्यरत हैं तथा नियमित रूप से अपने कार्यस्थलों पर कार्य कर रहे हैं। राज्य सरकार द्वारा इनके कुशलक्षेम पर सतत निगरानी रखी जा रही है।
मध्य एशिया में वर्तमान में जारी स्थिति के दृष्टिगत भारतीय दूतावास, तेल अवीव द्वारा इजराइल में निवास कर रहे सभी भारतीय नागरिकों के लिए सुरक्षा परामर्श जारी किया गया है। दूतावास द्वारा भारतीय नागरिकों को सतर्क रहने, स्थानीय प्रशासन के दिशा-निर्देशों का पालन करने तथा अनावश्यक आवाजाही से बचने की सलाह दी गई है।
किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक दूतावास के हेल्पलाइन नंबर एवं ईमेल के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं। इसके लिए तेल अवीव स्थित भारतीय दूतावास द्वारा हेल्पलाइन नम्बर एवं ईमेल का पता भी जारी किया गया है। किसी भी आपात स्थिति में भारतीय नागरिक भारतीय दूतावास, तेल अवीव से 24.7 हेल्पलाइन के माध्यम से संपर्क कर सकते हैं-
दूरभाष- +972-54-7520711; +972-54-2428378
ई-मेल: cons1telaviv@mea.gov.in
श्रम, सेवायोजन एवं समन्वय मंत्री अनिल राजभर ने इजराइल में कार्यरत उत्तर प्रदेश के श्रमिकों एवं उनके परिवारों को आश्वस्त किया है कि उत्तर प्रदेश सरकार सभी श्रमिकों की सुरक्षा के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है तथा उनकी सुरक्षा एवं कुशलक्षेम सुनिश्चित करने के लिए सभी आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं।
उन्होंने बताया कि विभाग इजराइल स्थित भारतीय दूतावास एवं एनएसडीसी के साथ सतत संपर्क में है। जिससे इजराइल में कार्यरत 6,004 श्रमिकों की सुरक्षा, संरक्षा एवं कुशलक्षेम की कार्रवाई की जा सके।
उत्तर प्रदेश शासन इजराइल स्थित भारतीय दूतावास के साथ सतत संपर्क में है। प्रमुख सचिव, श्रम एवं सेवायोजन, डॉ. एमके शन्मुगा सुन्दरम् द्वारा इजराइल में भारत के राजदूत, जेपी सिंह से दूरभाष पर वार्ता की गयी।
राजदूत ने अवगत कराया कि स्थिति नियंत्रण में है। दूतावास श्रमिकों के संपर्क में है तथा वर्तमान में किसी प्रकार की चिंता की कोई बात नहीं है। उन्होंने यह भी आश्वस्त किया कि भारतीय दूतावास घटनाक्रम पर सतत निगरानी रखे हुए है और सभी भारतीय श्रमिकों की सुरक्षा एवं कुशलक्षेम की कार्रवाई की जाएगी।
प्रमुख सचिव द्वारा इजराइल स्थित भारतीय दूतावास में तैनात प्रथम सचिव डॉ. गारिका तेजेश्वर से भी वार्ता की गई। डॉ. गारिका तेजेश्वर ने अवगत कराया कि स्थिति तनावपूर्ण अवश्य है, किन्तु नियंत्रण में है।
उन्होंने बताया कि इजराइल में अधिकांश भवनों में सुरक्षा शेल्टर (आश्रय स्थल) उपलब्ध हैं तथा सभी श्रमिकों को निर्देशित किया गया है कि वे भवनों के शेल्टर क्षेत्रों में ही रहें और संबंधित प्राधिकरणों द्वारा जारी निर्देशों का अनिवार्य रूप से पालन करें, जिससे उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की जा सके।
पॉपुलेशन, इमिग्रेशन एंड बॉर्डर ऑथोरिटी (पिबा) द्वारा भी एक हेल्पलाइन नंबर 1-700-707-889 जारी किया गया है, जिसका संचालन सेंटर फॉर इंटरनेशनल माइग्रेशन एंड इंटीग्रेशन (सिमी) द्वारा किया जा रहा है।
किसी भी प्रकार की जानकारी अथवा आपात स्थिति में भारतीय नागरिक, सहित श्रमिक, उक्त हेल्पलाइन नंबर पर संपर्क कर सकते हैं। इजराइल में वर्तमान में लगभग 42,000 भारतीय नागरिक निवास कर रहे हैं, जिनमें से 6,004 निर्माण श्रमिक उत्तर प्रदेश राज्य से संबंधित हैं।
सेवायोजन निदेशालय भी एनएसडीसी के साथ नियमित समन्वय स्थापित किए हुए है। निदेशक, सेवायोजन नेहा प्रकाश एवं अपर निदेशक पीके पुंडीर द्वारा एनएसडीसी के अधिकारियों से संपर्क कर उन्हें निर्देशित किया गया है
कि वे इजराइल स्थित भारतीय दूतावास, तेल अवीव के साथ निरंतर संपर्क में रहकर उत्तर प्रदेश के श्रमिकों की सुरक्षा एवं कुशलक्षेम के लिए आवश्यक कार्रवाई करें।



