कुष्ठ रोगियों के साथ न करें भेदभाव- डॉ कविता आर्या
डॉक्टरों ने एंटी लेप्रोसी डे पर किया जागरूक

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डॉक्टरों द्वारा एंटी लेप्रोसी डे पर जागरूक किया गया। शुक्रवार को बलरामपुर चिकित्सालय में एंटी लेप्रोसी डे पर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
किया गया। जिसका उद्देश्य कुष्ठ रोग के प्रति समाज में फैली भ्रांतियों को दूर करना तथा समय पर पहचान और उपचार के महत्व को जन-जन तक पहुँचाना ।
वहीं अस्पताल निदेशक डॉ. कविता आर्या ने कहा कि कुष्ठ रोग एक पूर्णतः उपचार योग्य बीमारी है और इसे सही समय पर इलाज मिलने पर इससे होने वाली विकलांगता को पूरी तरह रोका जा सकता है। उन्होंने आमजन से अपील करते हुए कहा कि कुष्ठ रोगियों के साथ भेदभाव न करें और उन्हें समाज की मुख्यधारा से जोड़ें। साथ ही
मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. हिमांशु चतुर्वेदी ने कहा कि चिकित्सालय में कुष्ठ रोग से संबंधित जांच, उपचार एवं परामर्श की समुचित सुविधाएं उपलब्ध हैं। ऐसे में जन-जागरूकता कार्यक्रम रोग के शीघ्र निदान और प्रभावी नियंत्रण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। इसी क्रम में
चिकित्सा अधीक्षक डॉ. देवाशीष शुक्ला ने कहा कि एंटी लेप्रोसी डे जैसे कार्यक्रम स्वास्थ्य कर्मियों के साथ-साथ आम जनता को भी जागरूक करने का सशक्त माध्यम हैं। जिससे समाज में फैले भय और गलत धारणाओं को दूर किया जा सकता है।
कार्यक्रम में वरिष्ठ त्वचा रोग विशेषज्ञ डॉ. एमएच उस्मानी ने कुष्ठ रोग के कारण, लक्षण, उपचार एवं रोकथाम के विषय में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने बताया कि समय पर पहचान और नियमित दवा से कुष्ठ रोग पूरी तरह ठीक किया जा सकता है तथा इससे होने वाली विकलांगता को रोका जा सकता है।
इस अवसर पर नर्सिंग कॉलेज के विद्यार्थियों द्वारा कुष्ठ रोग विषय पर भाषण, पेपर प्रेजेंटेशन एवं अन्य शैक्षणिक प्रस्तुतियाँ दी गईं। कार्यक्रम में चिकित्सक, नर्सिंग स्टाफ, छात्र-छात्राएं एवं अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।



