ब्लू प्रिंटिंग पर आधारित कार्यशाला
विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों के संकाय सदस्यों की सहभागिता

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। ब्लू प्रिंटिंग पर आधारित कार्यशाला में संकाय सदस्यों को जानकारी दी गयी । मंगलवार को
डॉ. राम मनोहर लोहिया आयुर्विज्ञान संस्थान के मेडिकल एजुकेशन यूनिट द्वारा “ब्लू प्रिंटिंग : इन्हेंसिंग क्वालिटी ऑफ असेसमेंट इन मेडिकल एजुकेशन विषय पर सीएमई सह कार्यशाला का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम संस्थान के निदेशक डॉ. सीएम सिंह के दूरदर्शी नेतृत्व में संपन्न हुआ।
कार्यशाला का उद्देश्य संकाय सदस्यों की क्षमता का विकास करना था, ताकि वे योग्यता आधारित चिकित्सा शिक्षा के सिद्धांतों के अनुरूप शिक्षण उद्देश्यों को उपयुक्त मूल्यांकन विधियों के साथ संरेखित कर सकें।
इसके लिए ब्लूप्रिंटिंग की संरचित प्रक्रिया पर विशेष बल दिया गया।
कार्यक्रम के अंतर्गत इंटरैक्टिव सत्र, विचार-विमर्श तथा हैंड्स-ऑन समूह गतिविधियाँ आयोजित की गईं, जिनसे प्रतिभागियों को मूल्यांकन रूपरेखा में ब्लूप्रिंटिंग के व्यावहारिक अनुप्रयोग की गहन समझ प्राप्त हुई।
इस सीएमई सह कार्यशाला का आयोजन डॉ. विभा गंगवार द्वारा डॉ. ज्योत्स्ना अग्रवाल (एमईयू ) के अध्यक्षता में किया गया। कार्यक्रम में विभिन्न चिकित्सा महाविद्यालयों से आए संकाय सदस्यों की उत्साहपूर्ण भागीदारी रही, जो चिकित्सा शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार के प्रति उनकी प्रतिबद्धता को दर्शाती है।
ब्लूप्रिंटिंग का अवलोकन डॉ. अमिता पाण्डेय, हेड, मेडिकल एजुकेशन यूनिट, किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी द्वारा प्रस्तुत किया गया। जिन्होंने आधुनिक मूल्यांकन पद्धतियों में ब्लूप्रिंटिंग के समावेशन पर महत्वपूर्ण विचार साझा किए।
विभिन्न सत्रों को डॉ. ज्योत्स्ना अग्रवाल, डॉ. ऋतु करोली, डॉ. नवबीर पासरीचा, डॉ. प्रियंका राय, डॉ. ऋचा चौधरी, डॉ. शितांशु श्रीवास्तव, डॉ. विभा गंगवार, डॉ. मनीष कुमार सिंह एवं डॉ. इति स्थापक जैसे विशिष्ट संकाय सदस्यों द्वारा संचालित किया गया।



