महिला रेल कर्मियों को धार्मिक नगरी अयोध्याधाम का कराया दर्शन
कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत कराया धार्मिक भ्रमण

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। महिला रेल कर्मियों को अयोध्या धाम का भ्रमण कराया गया।
बुधवार को पूर्वाेत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल रेल प्रबंधक गौरव अग्रवाल के मार्गदर्शन में एवं वरिष्ठ मंडल कार्मिक अधिकारी राहुल यादव के निर्देशन में महिला
सशक्तिकरण को बढ़ावा देने के उद्देश्य से ‘कर्मचारी कल्याण निधि’ के अंतर्गत धार्मिक नगरी अयोध्याधाम में दर्शन के लिए एक दिवसीय भ्रमण शिविर का आयोजन किया गया।
इस भ्रमण शिविर में गोरखपुर परिक्षेत्र में यांत्रिक, कैरेज एंड वैगन, वाणिज्य, इंजीनियरिंग, सिग्नल एवं दूरसंचार तथा विद्युत (लोको शेड) विभागों में कार्यरत 51 महिला रेल कर्मचारियों ने उत्साहपूर्वक सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों ने मण्डल के रामघाट हाल्ट रेलवे स्टेशन का अवलोकन किया तथा अयोध्याधाम के प्रमुख धार्मिक स्थलों राम मंदिर एवं हनुमानगढ़ी मन्दिर के दर्शन किए। इस अवसर पर उन्होंने समृद्ध सांस्कृतिक एवं आध्यात्मिक अनुभव प्राप्त किया। इस अवसर पर सभी प्रतिभागियों को स्मृति चिन्ह् व उपहार प्रदान किया गया।
इस भ्रमण शिविर का उद्देश्य महिला कर्मचारियों को दैनिक कार्यों की व्यस्तता से अलग एक सकारात्मक एवं प्रेरणादायक वातावरण प्रदान करना था।
यात्रा के दौरान महिला कर्मचारियों के लिए आवश्यक सुविधाओं एवं सुरक्षा के समुचित प्रबंध सुनिश्चित किए गए। मंडल प्रशासन द्वारा मुख्य हित निरीक्षक मनीष कुमार श्रीवास्तव एवं संजय द्विवेदी की उपस्थिति में पूरे कार्यक्रम की सुव्यवस्थित योजना बनाकर उसे सफलतापूर्वक क्रियान्वित किया गया।



