रेलवे में पहली बार बाँझपन का सफल ऑपरेशन
दूरबीन विधि से ऑपरेशन करने में पायी कामयाबी

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में डॉक्टरों ने पहली बार दूरबीन विधि से ऑपरेशन करने में कामयाबी हासिल की।
मंगलवार को उत्तर रेलवे लखनऊ मंडल के मंडल चिकित्सालय में चिकित्सा क्षेत्र में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि हासिल की गई। मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. संगीता सागर एवं प्रभारी मुख्य चिकित्सा अधीक्षक डॉ. उर्मी सरकार के कुशल मार्गदर्शन में प्रथम बार
आधुनिक दूरबीन विधि (Laparoscopic) से बांझपन (Infertility) की जांच एवं उपचार संबंधी ऑपरेशन को सफलतापूर्वक संपन्न किया गया।
उक्त ऑपरेशन को डॉ. अनंत गुप्ता, वरिष्ठ मंडल चिकित्सा अधिकारी एवं स्त्री रोग विशेषज्ञ, तथा डॉ. पंकज गोयल, सहायक मुख्य चिकित्सा अधीक्षक एवं वरिष्ठ एनीस्थिटिस्ट, की टीम द्वारा अत्यंत दक्षता एवं समन्वय के साथ पूर्ण किया गया।
इस उपलब्धि के साथ अब रेलवे लाभार्थियों को बांझपन (Infertility) की जांच एवं उपचार के लिए अत्याधुनिक दूरबीन विधि (Laparoscopic) से ऑपरेशन की सुविधा उत्तर रेलवे मंडल चिकित्सालय, लखनऊ में ही उपलब्ध हो सकेगी। इससे न केवल मरीजों को उन्नत चिकित्सा सुविधा सुलभ होगी, बल्कि समय एवं संसाधनों की भी बचत सुनिश्चित होगी।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा निरंतर आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं के विस्तार एवं रेलवे लाभार्थियों को सर्वोत्तम स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण कदम है।



