अमेठी में सोनिया गांधी का मना 79वां जन्मदिन
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने मनाया जन्मदिन

संवाददाता – गंगेश पाठक
अमेठी। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। जिला कांग्रेस पदाधिकारियों ने पूर्व कांग्रेस पार्टी राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया गाँधी का जन्मदिन मनाया।
मंगलवार को अमेठी जिला कांग्रेस कमेटी द्वारा भारतीय राजनीति में त्याग, तपस्या और सेवा की अनूठी मिसाल स्थापित करने वाली पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी का 79वां जन्मदिन केंद्रीय कांग्रेस कार्यालय, गौरीगंज स्थित राजीव गांधी सभागार में मनाया गया।
कार्यक्रम में कांग्रेसजनों ने भावनाओं से ओत-प्रोत होकर उनके दीर्घ राजनीतिक सफर, अटूट समर्पण और संघर्षों को याद किया।
कार्यक्रम की शुरुआत अमेठी कांग्रेस के वरिष्ठ पदाधिकारियों ने भारी भीड़ में मौजूद कार्यकर्ताओं के साथ केक काटकर की। इसके बाद उपस्थित पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं ने श्रीमती सोनिया गांधी के स्वास्थ्य, दीर्घायु और सुख-समृद्धि की कामना की।
सभागार में मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने कहा कि सोनिया गांधी का जीवन भारतीय राजनीति में त्याग और दृढ़ कर्तव्यनिष्ठा का सर्वोच्च उदाहरण है। विपरीत परिस्थितियों में भी उन्होंने संगठन को संभाला, देश और पार्टी के हित को सर्वोपरि रखा तथा कठिन दौर में संयम, सादगी और धैर्य का परिचय दिया।
जिला कांग्रेस कमेटी के पदाधिकारियों ने अपने संबोधन में कहा कि सोनिया गांधी ने न केवल एक सक्षम नेता के रूप में, बल्कि एक संवेदनशील नागरिक और दायित्वनिष्ठ व्यक्तित्व के रूप में भी देश की सेवा की है।
व्यक्तिगत जीवन की गहरी पीड़ाओं के बीच भी उन्होंने राष्ट्रहित और संगठन के लिए स्वयं को समर्पित रखा। त्याग और तपस्या के इसी भाव ने उन्हें करोड़ों भारतीयों के हृदय में विशिष्ट स्थान प्रदान किया है।
इस अवसर पर अमेठी संसदीय क्षेत्र के सभी ब्लॉकों में भी विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए गए। जिनमें कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी के विचारों पर चलने तथा समाज और देश के प्रति अपनी जिम्मेदारी निभाने का संकल्प दोहराया।
केक काटकर कार्यकर्ताओं ने सोनिया गांधी को जन्मदिन की शुभकामनाएँ दीं और यह आशा व्यक्त की कि उनकी प्रेरणादायक ऊर्जा और दृढ़ता कांग्रेस कार्यकर्ताओं को आगे बढ़ने की शक्ति देती रहेगी।
अंत में जिला कांग्रेस कमेटी ने कहा कि सोनिया गांधी का त्याग, सरलता और नि:स्वार्थ सेवा भाव आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणा का स्रोत बना रहेगा। कार्यक्रम में जिला प्रवक्ता अनिल सिंह, शोभनाथ यादव, नरसिंह बहादुर सिंह, बैजनाथ तिवारी, राम प्रसाद गुप्ता,
अरविंद चतुर्वेदी, अशोक शुक्ला, त्रिभुवन भारती, राम बरन कश्यप, शशिकांत मिश्र, ताहिर फारुकी, रा.छा.स जिला अध्यक्ष सुमित तिवारी, अंकित दुबे, प्रभात, संतोष, रामदत्त यादव, जगन्नाथ यादव, शत्रुघ्न सिंह, कर्णबीर, विनोद मिश्र सहित युवक कांग्रेस, महिला कांग्रेस, एनएसयूआई एवं विभिन्न प्रकोष्ठों के पदाधिकारी और कार्यकर्ता बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



