1842 लोगों का रेलवे ने किया उपचार
चार बेड का मेला क्षेत्र में बना चिकित्सा उपचार केंद्र, लोग लाभान्वित

प्रयागराज। लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। रेलवे द्वारा हज़ारों श्रद्धालुओं को उपचार प्रदान किया। बुधवार को
माघ मेला के दौरान लखनऊ मंडल द्वारा रेलवे स्टेशनों पर यात्रियों को श्रेष्ठ सुविधाएँ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से मंडल रेल प्रबंधक,लखनऊ सुनील कुमार वर्मा के नेतृत्व में व्यापक चिकित्सा सेवाएँ सुनिश्चित की गईं ।
देश के कोने-कोने से प्रयागराज क्षेत्र मे आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा एवं स्वास्थ्य को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए प्रयाग जंक्शन एवं फाफामऊ सहित वाराणसी जं. एवं अयोध्या धाम स्टेशनों पर प्राथमिक चिकित्सा बूथ स्थापित किए गए।
प्रयाग ज. के फर्स्ट एंट्री साइड में 04 बेड का मेला चिकित्सा केंद्र स्थापित किया गया है। आपातकालीन परिस्थितियों में मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में रेफर करने के लिए प्रयाग जंक्शन पर 02 एंबुलेंस और फाफामऊ स्टेशन पर 01 एंबुलेंस तैनात की गईं।
सभी प्राथमिक चिकित्सा बूथ प्रत्येक मुख्य स्नान पर्व से एक दिन पूर्व से दो दिन बाद तक सक्रिय रहे । मेला अवधि के दौरान प्रयाग जंक्शन सहित मंडल के अयोध्या धाम, फाफामऊ एवं वाराणसी जं. अन्य प्रमुख स्टेशनों पर प्रशिक्षित चिकित्सा कर्मियों की 24×7 तैनाती की गई।
जिससे प्राथमिक उपचार के साथ-साथ आकस्मिक स्थितियों में त्वरित चिकित्सा सहायता सुनिश्चित की जा सके।
माघ मेला के दौरान लखनऊ मंडल के स्टेशनों पर कुल 1842 श्रद्धालुओं,यात्रियों को चिकित्सा सेवाएँ प्रदान की गईं। इनमें से अधिकांश यात्रियों को हल्की चोट, थकान, सर्दी-खांसी एवं अन्य सामान्य स्वास्थ्य समस्याओं के लिए तत्काल उपचार दिया गया ।
इसके अतिरिक्त प्रयाग जंक्शन के मेला चिकित्सा केंद्र से 1330 श्रद्धालुओं,यात्रियों का प्राथमिक उपचार किया गया एवं 20 मरीजों को प्रयाग जंक्शन से गंभीर मामलों में प्राथमिक उपचार हुआ। जिसमे से 05 मरीजों को उच्च चिकित्सा संस्थानों में उपचार के लिए रेफर किया गया। जिससे उन्हें समय रहते विशेषज्ञ द्वारा उपचार उपलब्ध हो सका।
प्रयाग जं.,फाफामऊ जं. सहित वाराणसी जं. एवं अयोध्या धाम स्टेशनों के विभिन्न प्लेटफार्म क्षेत्रों में फर्स्ट एड बूथ स्थापित किये गए है। चिकित्सा सेवाओं की जानकारी यात्रियों तक पहुँचाने के लिए स्टेशन परिसर में संकेतक, उद्घोषणाओं तथा रेलवे कर्मचारियों के माध्यम से व्यापक प्रचार-प्रसार किया गया।
लखनऊ मंडल भविष्य में भी बड़े आयोजनों एवं भीड़ प्रबंधन के दौरान यात्रियों की सुरक्षा एवं स्वास्थ्य सुनिश्चित करने के लिए इसी प्रकार प्रभावी, समर्पित और मानवीय सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है।



