गौ माता पर भड़काऊ बयान का राष्ट्रीय युवा वाहिनी ने जताया विरोध

गंगेश पाठक
लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। गौ माता पर भड़काऊ बयान पर संगठन में आक्रोश बढ़ गया है। शुक्रवार को समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के हाल ही में दिए बयान पर विवाद बढ़ता जा रहा है। जिसमें उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर गौशालाओं को दुर्गंध का केंद्र बनाने का आरोप लगाया। इस बयान को लेकर राष्ट्रीय युवा वाहिनी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हिंदू देव प्रकाश शुक्ला ने कड़ा विरोध जताया है। हिंदू देव प्रकाश शुक्ला ने कहा कि गौ माता सनातन संस्कृति की आधारशिला हैं, जिनमें 33 कोटि देवी-देवताओं का वास होता है। उन्होंने कहा, “गौशाला को दुर्गंध फैलाने वाला स्थान बताना हमारे वेदों और पुराणों का अपमान है। अखिलेश यादव को अपने इस बयान पर शर्म आनी चाहिए। शुक्ला ने आगे कहा कि मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ गौ रक्षा और सनातन धर्म की रक्षा के लिए लगातार प्रयास कर रहे हैं, जबकि अखिलेश यादव ‘सेंट पार्क’ और फूलों की बातें कर रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी की विचारधारा के चलते गौ माता की उपेक्षा हुई है। राष्ट्रीय युवा वाहिनी ने घोषणा की है कि वे मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को दोबारा मुख्यमंत्री और भविष्य में प्रधानमंत्री बनाने के लिए पूरी ताकत से काम करेंगे। हिंदू देव प्रकाश शुक्ला ने यह भी सवाल उठाया कि धर्म और गौ रक्षा की बातें करने वाले संत और महात्मा अब इस मुद्दे पर क्यों चुप हैं। उन्होंने कहा कि सनातन धर्म का अपमान किसी भी कीमत पर सहन नहीं किया जाएगा। समाजवादी पार्टी की ओर से इस बयान पर अभी तक कोई आधिकारिक प्रतिक्रिया नहीं आई है।