22 फरवरी को लगेगा मेगा विधिक सहायता शिविर
पुराना उच्च न्यायालय कैसरबाग में होगा शिविर का आयोजन

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में असहाय गरीब लोगों के लिए विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जा रहा है। जिसे
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ के तत्वावधान में 22 फरवरी को पुराना उच्च न्यायालय कैसरबाग के गेट नंबर-5 पर मेगा विधिक सहायता एवं सेवा शिविर का आयोजन किया जाएगा। यह आयोजन जनपद न्यायाधीश अध्यक्ष जिला विधिक सेवा प्राधिकरण लखनऊ मलखान सिंह के निर्देशन में किया जा रहा है। वहीं
जिला विधिक सेवा प्राधिकरण के सचिव जीवक कुमार सिंह ने बताया कि शिविर के सफल आयोजन की तैयारियों के तहत 18 फरवरी को पुराना उच्च न्यायालय स्थित मीडियेशन सेंटर में नोडल अधिकारी विशेष न्यायाधीश सीबीआई सेंट्रल रविन्द्र द्विवेदी लखनऊ की अध्यक्षता में विभागीय अधिकारियों की बैठक आयोजित की गई।
बैठक में विभिन्न विभागों द्वारा पात्र लाभार्थियों की सूची की समीक्षा की गई।
उन्होंने बताया कि इस मेगा शिविर का उद्देश्य समाज के निर्बल एवं वंचित वर्गों को निःशुल्क विधिक सहायता उपलब्ध कराना तथा उन्हें विभिन्न सरकारी जनकल्याणकारी योजनाओं से जोड़ना है।
शिविर में दिव्यांगजन, महिलाएं, बच्चे, निर्धन वर्ग, असंगठित क्षेत्र के श्रमिक तथा अनुसूचित जाति एवं जनजाति वर्ग के लिए विधिक परामर्श, निःशुल्क कानूनी सहायता, लोक अदालत संबंधी जानकारी और अन्य आवश्यक सेवाएं एक ही मंच पर उपलब्ध कराई जाएंगी।
बैठक में सभी विभागीय अधिकारियों से अपेक्षा की गई कि वे शिविर की जानकारी जन-जन तक पहुंचाएं और विशेष रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद वर्ग को इससे जोड़ने में सहयोग करें।
अधिकारियों से योजनाओं के पात्र लाभार्थियों की पहचान कर उन्हें शिविर तक लाने का भी आह्वान किया गया,ताकि समाज के अंतिम पंक्ति में खड़े व्यक्ति तक निःशुल्क विधिक सेवाएं पहुंचाई जा सकें।



