चालक परिचालकों के मानदेय में 14 पैसे प्रति किमी की बढ़ोतरी
2.32 रूपये चालक परिचालकों प्रति किमी की दर से मिलेगा भुगतान

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। संविदा चालक परिचालकों का मानदेय बढ़ाया गया। शुक्रवार को
उत्तर प्रदेश परिवहन निगम द्वारा जनहित में संचालित मुख्यमंत्री जनता सेवा योजना के अंतर्गत ग्रामीण अंचलों में चल रही बसों के संचालन को और अधिक सुदृढ़ एवं प्रभावी बनाने के उद्देश्य से एक महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया है।
इस योजना के अंतर्गत बसों के संचालन के लिए चालकों-परिचालकों को दिए जाने वाले मानदेय में 14 पैसे प्रति किलोमीटर की वृद्धि की गई है। यह वृद्धि तत्काल प्रभाव से लागू होगी।
यह जानकारी देते हुए परिवहन राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने बताया कि मुख्यमंत्री जनता सेवा में अभी तक संविदा चालकों एवं परिचालकों को प्रति किलोमीटर 2.18 रुपए की दर से भुगतान किया जा रहा था।
नए निर्णय के अनुसार अब उन्हें 2.32 रूपये प्रति किमी की दर से भुगतान किया जाएगा। परिवहन निगम द्वारा इस प्रकार उनके मानदेय में 14 पैसे प्रति किमी की वृद्धि की गई है।
इस निर्णय से बस संचालकों एवं संबंधित सेवा प्रदाताओं को आर्थिक संबल प्राप्त होगा, जिससे बसों का नियमित, सुरक्षित एवं सुचारु संचालन सुनिश्चित किया जा सकेगा। साथ ही, आम नागरिकों को बेहतर एवं निरंतर परिवहन सुविधा उपलब्ध हो सकेगी।
परिवहन मंत्री ने कहा कि राज्य सरकार जनसाधारण को किफायती, सुरक्षित एवं सुलभ परिवहन सेवाएँ प्रदान करने के लिए प्रतिबद्ध है और भविष्य में भी इस दिशा में आवश्यक कदम उठाती रहेगी।
ग्रामीण अंचलों में संचालित मुख्यमंत्री जनता सेवा की बसों का किराया साधारण बसों की तुलना में 20 प्रतिशत कम है। इससे यात्रियों को कम किराए में अपने गंतव्य तक आवागमन की सुविधा मिल रही है।
प्रदेश सरकार ने मुख्यमंत्री जनता सेवा बस योजना ग्रामीण परिवहन को सशक्त बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री जनता सेवायोजना के अंतर्गत प्रदेश के सभी 20 क्षेत्रों में अनुमन्य 395 मार्गों पर कुल 299 बसों का संचालन परिवहन निगम द्वारा किया जा रहा है।



