ड्यूटी में लापरवाही के चलते चार यात्री मालकर निलंबित
परिवहन आयुक्त ने दिखाई सख़्ती, की कार्रवाई

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। ड्यूटी में लापरवाही के चलते चार यात्री मालकर निलंबित कर दिए गए। गुरुवार को
परिवहन आयुक्त किंजल सिंह द्वारा परिवहन मंत्री के निर्देशों पर दायित्वों के निर्वहन में घोर उदासीनता एवं शिथिलता बरतने के आरोप में जनपद आगरा में तैनात 04 यात्री मालकर अधिकारियों को निलंबित किया गया।
जिसमें नीलम, अमित वर्मा, शारदा मिश्रा एवं शिव कुमार मिश्रा को निलंबित कर दिया गया है। साथ ही शासन को सहायक संभागीय प्रवर्तन अधिकारी आगरा को निलंबित करने की सस्तुति भी की गयी है।
परिवहन आयुक्त ने बताया कि 11 मार्च को अपराह्न 02ः30 बजे जनपद आगरा में आरबीएस हायर सेकेन्ड्री स्कूल अगवार रोड भागूपुर (हवेली) एत्मादपुर आगरा की स्कूली बस से दुर्घटना में एक बच्ची की दुखद मृत्यु हो गयी थी।
जिसके संबंध में मृतका के पिता ने प्रथम सूचना रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उप परिवहन आयुक्त आगरा द्वारा अन्य अधिकारियों के साथ की गयी भौतिक निरीक्षण में बस की तकनीकी दशा खराब पायी गयी। जबकि जनपद आगरा में तैनात प्रवर्तन अधिकारियों द्वारा उक्त वाहन के विरूद्ध कोई कार्रवाई नहीं की गयी।
परिवहन आयुक्त ने बताया कि विभाग द्वारा बीते माह 15 जनवरी से 21 जनवरी तक एवं 01 जुलाई से 15 जुलाई, 2025 तक विशेष चेकिंग अभियान चलाये जाने के निर्देश समस्त परिवहन अधिकारियों को दिये गये थे।
साथ ही समय-समय पर स्कूली वाहनों एवं अनधिकृत संचालित वाहनो के खिलाफ सघन प्रवर्तन कार्रवाई के निर्देश भी विभाग द्वारा दिये जाते रहे हैं।
इसके बावजूद उक्त अधिकारियों द्वारा कार्य एवं मुख्यालय द्वारा निर्गत निर्देशों के प्रति घोर उदासीनता एवं शिथिलता पायी गयी, जो कि उप्र सरकारी कर्मचारी आचरण नियमावली-1956 के नियमों का उल्लंघन है।
निलंबन अवधि में उक्त अधिकारी परिवहन आयुक्त कार्यालय से संबद्ध रहेंगे। संजय सिंह उप परिवहन आयुक्त (यात्रीकर) को जांच अधिकारी नामित किया गया है, जो जांच प्रक्रिया पूर्ण कर एक माह के अंदर जांच आख्या उपलब्ध करायेगे।



