मंडल रेल प्रबंधक ने प्रयागराज जंक्शन बढे श्रद्धालुओं की निगरानी
यात्रियों की सुविधा जनक यात्रा को बनाई व्यवस्था

प्रयागराज। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। तीर्थो के राजा प्रयागराज संगम में
मौनी अमावस्या स्नान पर्व पर श्रद्धालुओं का भारी भीड़ रही। रविवार को प्रयाग जंक्शन एवं फाफामऊ रेलवे स्टेशन पर श्रद्धालुओं एवं यात्रियों की सुविधा, सुरक्षा एवं सुव्यवस्थित भीड़ प्रबंधन सुनिश्चित करने के लिए उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा व्यापक एवं सुदृढ़ व्यवस्थाएं की गई हैं।
वहीं मंडल रेल प्रबंधक, उत्तर रेलवे, लखनऊ सुनील कुमार वर्मा ने सिविल प्रशासन के साथ समन्वय स्थापित करते हुए स्वयं इंटीग्रेटेड कमांड सेंटर) के माध्यम से प्रयाग जं. एवं फाफामऊ रेलवे स्टेशन क्षेत्र की कमान संभाली तथा संपूर्ण व्यवस्था की निरंतर निगरानी की।
प्रयाग जंक्शन स्टेशन से प्रतिदिन संचालित नियमित ट्रेनों एवं मेला स्पेशल ट्रेनों के अतिरिक्त, यात्रियों की बढ़ती भीड़ को दृष्टिगत रखते हुए शाम 6 बजे तक चार अतिरिक्त विशेष ट्रेनों का भी संचालन किया गया। जिससे श्रद्धालुओं की आवाजाही को सुचारु एवं सुव्यवस्थित बनाया जा सके।
यात्रियों की संख्या में संभावित वृद्धि को ध्यान में रखते हुए सभी ऑन-ड्यूटी एवं कमर्शियल स्टाफ तथा आरपीएफ को अलर्ट मोड पर रहने के निर्देश दिए गए , ताकि किसी भी आकस्मिक स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्यवाही सुनिश्चित की जा सके।
सुरक्षा व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने के उद्देश्य से बम स्क्वायड द्वारा प्रयाग जंक्शन पर सघन सर्च अभियान चलाया गया। जिससे स्टेशन परिसर में यात्रियों को सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराया जा सके।
इसके अतिरिक्त कमर्शियल स्टाफ, सिविल डिफेंस तथा स्काउट एवं गाइड टीमों को “वरिष्ठ नागरिक यात्रियों” के समुचित मार्गदर्शन, सहायता एवं सूचना प्रदान करने के लिए तैनात किया गया है। जिससे श्रद्धालुओं एवं यात्रियों का आवागमन सुव्यवस्थित एवं सुचारु रूप से संचालित हो सके।
प्रयाग जंक्शन पर इंडियन रेलवेज इंस्टिट्यूट ऑफ़ ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट, लखनऊ से प्रशिक्षण प्राप्त कर रहे प्रशिक्षु (प्रोबशनर) अधिकारियों ने भीड़ प्रबंधन की व्यवस्थाओं का प्रत्यक्ष अवलोकन कर व्यावहारिक अनुभव प्राप्त किया।
उन्होंने सीसीटीवी निगरानी, विभागीय समन्वय, त्वरित निर्णय प्रक्रिया तथा जमीनी स्तर पर कार्यरत स्टाफ की भूमिका को समझते हुए यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं संचालन संतुलन की महत्वपूर्ण सीख ली।
इस अवसर पर मंडल रेल प्रबंधक सुनील कुमार वर्मा ने कहा कि उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल यात्रियों की सुरक्षा, सुविधा एवं सुगम यात्रा को सर्वोच्च प्राथमिकता देता है। माघ मेला एवं स्नान पर्व के दौरान सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
उत्तर रेलवे, लखनऊ मंडल द्वारा निरंतर निगरानी, समन्वय एवं तत्परता के माध्यम से यात्रियों को सुरक्षित, सुव्यवस्थित एवं सुविधाजनक यात्रा अनुभव प्रदान किया जा रहा है।



