जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजना का किया निरीक्षण
परियोजना को दिसंबर तक पूर्ण करने का लक्ष्य

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। जिलाधिकारी ने निर्माणाधीन परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया। मंगलवार को
जिलाधिकारी लखनऊ विशाख जी. द्वारा अवध चौराहे पर निर्माणाधीन सेतु निगम के अंडरपास परियोजना का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
निरीक्षण के दौरान परियोजना अधिकारी, सेतु निगम द्वारा अवगत कराया गया कि वर्तमान में परियोजना की भौतिक प्रगति लगभग 52 प्रतिशत है। अवध चौराहे पर बॉक्स पुशिंग विधि से 30 मीटर पुशिंग कार्य पूर्ण कर लिया गया है।
जबकि शेष 70 मीटर पुशिंग कार्य वर्षा ऋतु से पूर्व मई माह तक पूर्ण कराए जाने का लक्ष्य निर्धारित है। इसके अतिरिक्त वीआईपी रोड की दिशा में पाइलिंग के माध्यम से रैम्प निर्माण का कार्य प्रारंभ कर दिया गया है। परियोजना को दिसंबर 2026 तक पूर्ण किए जाने का लक्ष्य रखा गया है।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी द्वारा संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि बॉक्स पुशिंग का कार्य चौराहे तक शीघ्रता से पूर्ण कराया जाए तथा यातायात को न्यूनतम रूप से प्रभावित करते हुए कार्य में तेजी लाई जाए, ताकि आमजन को किसी प्रकार की असुविधा न हो।
इसके साथ ही जिलाधिकारी द्वारा अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग को निर्देशित किया गया कि अंडरपास निर्माण उपरांत अनावश्यक डिवाइडरों को हटाया जाए, अव्यवस्थित रूप से खड़ी बसों हेतु बस-बे का स्पष्ट चिन्हांकन किया जाए
तथा यातायात पुलिस के साथ समन्वय स्थापित करते हुए ट्रैफिक स्टडी कर जंक्शन इंप्रूवमेंट हेतु आवश्यक प्रस्तावित किए जाए तथा आवश्यक सुधारात्मक कार्यवाही सुनिश्चित की जाए।
उक्त निरीक्षण के दौरान उप जिलाधिकारी सदर मनोज सिंह, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण विभाग सतेंद्र नाथ, परियोजना अधिकारी सेतु निगम पूजा श्रीवास्तव सहित अन्य संबंधित विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।



