डिप्टी सीएम का सरकारी अस्पतालों पर ताबड़तोड़ एक्शन जारी
कतार में खड़े होकर सिधौली सीएचसी की परखी हकीकत,जताई नाराजगी

सफाई व्यवस्था पर भड़के, एजेंसी को नोटिस व एक हफ्ते का भुगतान रोकने के निर्देश
सिधौली सीतापुर। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक का सरकारी अस्पतालों पर ताबड़तोड़ एक्शन जारी है।
मंगलवार को सिधौली सीएचसी पहुंचकर कतार में खड़े होकर अस्पताल की हकीकत की पड़ताल की। इसके पहले सोमवार को लखनऊ स्थित चिनहट सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र का औचक निरीक्षण एवं मातहतों को आवश्यक दिशा निर्देश देने के बाद वे मंगलवार को सीतापुर के सिधौली सामुदायिक केंद्र पहुंचे।
गंदगी एवं पेयजल व्यवस्थाओं को देखकर डिप्टी सीएम ने नाराजगी जाहिर करते हुए अस्पताल प्रशासन से कहा कि जब तक केंद्र की व्यवस्थाओं में सुधार न आए, वे केंद्र न छोड़ें।
मंगलवार को डिप्टी सीएम सिधौली के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पर औचक निरीक्षण करने पहुंचे। जहाँ डिप्टी सी एम के पहुंचते ही लोगों की भीड़ जमा होने लगी और अस्पताल प्रशासन की गतिविधि तेज हो गयी। डिप्टी सीएम ने
चिकित्सकीय व्यवस्थाओं, दवाओं की उपलब्धता, साफ़-सफाई एवं मरीजों को मिल रही सुविधाओं को लेकर केंद्र व्यवस्थापक को आवश्यक निर्देश दिए।
डिप्टी सीएम ने मरीजों से उनका हाल-चाल जाना एवं केंद्र में आए लोगों से व्यवस्थाओं एवं उनकी चिकित्सकीय आवश्यकताओं के बारे में जानकारी हासिल की। वहीं अस्पताल परिसर में गंदगी को देखकर डिप्टी सीएम भड़क उठे।
उन्होंने सफाई व्यवस्था को लेकर नाराजगी जाहिर की। संबंधित एजेंसी को नोटिस एवं एक सप्ताह का भुगतान रोकने के निर्देश दिए।
मरीजों की लम्बी लाइन देख जनरेटर कराया ऑन, शुरू हुआ एक्स-रे
एक्स-रे के लिए मरीजों की लंबी लाइन देख कर डिप्टी सीएम ने नाराजगी जताई। जनरेटर ऑन करवाकर एक्स-रे शुरू कराया।
उन्होंने पेयजल व्यवस्था को दुरुस्त करने के निर्देश दिए। डिप्टी सीएम ने कहा कि प्रदेश की जनता को उच्च स्तरीय स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।



