उत्तर प्रदेशबड़ी खबर

सड़क सुरक्षा हर घर का मुद्दा – किंजल सिंह

सड़क सुरक्षा माह के तहत भव्य जागरूकता कार्यक्रम

 

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। सड़क सुरक्षा के लिए सामूहिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। बुधवार को

उत्तर प्रदेश परिवहन विभाग द्वारा सड़क सुरक्षा माह-2026 के अंतर्गत वाहन परीक्षण एवं प्रमाणीकरण केंद्र सड़क सुरक्षा में स्काउट-गाइड की भूमिका विषय पर एक भव्य जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया।

कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि परिवहन आयुक्त किंजल सिंह ने दीप प्रज्वलन एवं सरस्वती पूजन कर कार्यक्रम का शुभारंभ किया। परिवहन आयुक्त ने अपने संबोधन में सड़क सुरक्षा को केवल एक सरकारी अभियान तक सीमित न रखकर इसे पारिवारिक क्रांति और जनांदोलन बनाने का आह्वान किया।

उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा, सड़क सुरक्षा हर घर का मुद्दा है। माता-पिता को बच्चों की जिद के आगे झुकने के बजाय उनकी सुरक्षा के लिए सख्त होना चाहिए। यदि कोई बच्चा बिना हेलमेट या लाइसेंस के वाहन चलाने की जिद करता है, तो उसे रोकना अभिभावकों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।

साल भर की बचत से खरीदा गया वाहन, एक छोटी सी लापरवाही से पूरे परिवार की खुशियां छीन सकता है। कार्यक्रम में अंत में परिवहन आयुक्त ने स्काउट-गाइड स्वयंसेवी संस्थाओं के लोगों को यातायात नियमों के प्रचार-प्रसार के लिए तथा उन्हें सड़क सुरक्षा नियमों की शपथ दिलाई गई।

सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रमुख स्कूलों को परिवहन आयुक्त द्वारा सम्मानित किया गया।

बच्चे सड़क सुरक्षा के लिए करें अभिभावक को प्रेरित

युवाओं को संदेश देते हुए श्रीमती सिंह ने कहा कि हेलमेट लुक्स या स्टाइल खराब होने के डर से नहीं, बल्कि जीवन बचाने के लिए पहना जाना चाहिए। उन्होंने कहा विदेशों में सड़क दुर्घटनाएं कम होने का मुख्य कारण वहां का कड़ा अनुशासन है।

भारत में भी हमें उसी अनुशासन को घर-घर तक पहुँचाना होगा। उन्होंने बच्चों से अपील की कि वे अपने अभिभावकों को हेलमेट पहनने के लिए प्रेरित करें। उन्होंने कहा अभिभावक किसी अधिकारी की बात टाल सकते हैं,

लेकिन अपने बच्चों की बात नहीं। अगर बच्चे ठान लें, तो कोई भी बड़ा बिना हेलमेट घर से नहीं निकलेगा।

नुक्कड नाटक और प्रदर्शनी ने मोहा मन

कार्यक्रम में स्काउट-गाइड, एनसीसी कैडेट्स, संभव सेवा समिति और माउंट लिटेरा जी स्कूल के विद्यार्थियों ने प्रभावशाली नुक्कड़ नाटकों का मंचन किया। इन नाटकों के माध्यम से शराब पीकर गाड़ी चलाने और हेलमेट न पहनने के घातक परिणामों को भावनात्मक रूप से दर्शाया गया।

इसके पूर्व, परिवहन आयुक्त ने सड़क सुरक्षा पर आधारित पेंटिंग और स्लोगन प्रदर्शनी का उद्घाटन किया। प्रदर्शनी में स्कूली बच्चों ने रंगों और शब्दों के माध्यम से सुरक्षा के प्रति अपनी रचनात्मकता का परिचय दिया।

शपथ और सम्मान

कार्यक्रम के समापन सत्र में परिवहन आयुक्त ने स्काउट-गाइड और स्वयंसेवी संस्थाओं के प्रतिनिधियों को यातायात नियमों के पालन और प्रचार-प्रसार की शपथ दिलाई। सड़क सुरक्षा के क्षेत्र में उत्कृष्ट योगदान देने वाले प्रमुख स्कूलों और संस्थाओं को सम्मानित भी किया गया।

इस अवसर पर लखनऊ के आरटीओ संजय तिवारी ने कहा, सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करना प्रत्येक नागरिक का नैतिक कर्तव्य है। सड़क पर हुई थोड़ी सी भी लापरवाही बड़े हादसे का कारण बन सकती है।

कार्यक्रम में परिवहन विभाग के वरिष्ठ अधिकारियों सहित बड़ी संख्या में स्कूल के शिक्षक, अभिभावक और छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। परिवहन विभाग का यह संकल्प है कि सड़क सुरक्षा जीवन रक्षा का यह संदेश प्रदेश के हर घर तक पहुंचे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button