डिप्टी सीएम से मिला संविदा टीबी कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल, सौंपा ज्ञापन
संविदा टीबी कर्मचारियों को नियमितीकरण करने को उठाई मांग

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। संविदा कर्मचारी प्रतिनिधिमंडल ने डिप्टी सीएम से मुलाकात की।
मंगलवार को उत्तर प्रदेश क्षय रोग वरिष्ठ उपचार पर्यवेक्षक संघ के प्रदेश अध्यक्ष करुणा शंकर मिश्रा के नेतृत्व में नव वर्ष की शुभकामनाओं के साथ संविदा टीबी कर्मचारियों के प्रतिनिधिमंडल ने उत्तर प्रदेश सरकार के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक से मुलाकात कर कर्मचारी के हित को लेकर ज्ञापन सौंपा।
पत्र के माध्यम से संविदा टीबी कर्मचारियों के नियमितीकरण,समायोजन, सेवा सुरक्षा, भविष्य स्थायित्व तथा वर्षों से लंबित व्यावहारिक समस्याओं की ओर शासन का ध्यान आकृष्ट कराया गया। प्रतिनिधिमंडल ने उपमुख्यमंत्री को अवगत कराया कि संविदा कर्मचारी
पिछले दो दशकों से अधिक समय से अत्यंत निष्ठा, ईमानदारी और समर्पण के साथ जमीनी स्तर पर कार्य करते हुए राष्ट्रीय क्षय रोग उन्मूलन कार्यक्रम को सफल बना रहे हैं।
उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को सौंपे पत्र में यह भी उल्लेख किया गया कि संविदा कर्मचारियों की मेहनत और सतत प्रयासों के कारण ही प्रदेश “टीबी मुक्त भारत” के राष्ट्रीय लक्ष्य की दिशा में निरंतर प्रगति कर रहा है।
इसके बावजूद सेवा स्थायित्व, भविष्य सुरक्षा और नीतिगत संरक्षण से जुड़े मुद्दे अब तक शासन स्तर पर स्पष्ट निर्णय की प्रतीक्षा में हैं, जिससे कर्मचारियों में असमंजस और मानसिक असुरक्षा की स्थिति बनी हुई है।
कर्मचारियों ने यह भी रेखांकित किया कि चिकित्सा एवं स्वास्थ्य विभाग, उत्तर प्रदेश के महानिदेशक द्वारा पूर्व में इस विषय पर प्रस्ताव मांगा गया था, फिर भी आज तक कोई ठोस प्रशासनिक निर्णय नहीं हो सका। कर्मचारी संगठनों द्वारा समय-समय पर जनप्रतिनिधियों एवं मुख्यमंत्री को भी ज्ञापन एवं पत्र सौंपे गए,
विभागीय स्तर पर फाइलों की प्रक्रिया अपेक्षित गति से आगे नहीं बढ़ पाई। उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने प्रतिनिधिमंडल द्वारा प्रस्तुत पत्र एवं तथ्यों को गंभीरता से संज्ञान में लेते हुए सकारात्मक आश्वासन दिया।
उन्होंने संकेत दिया कि शासन स्तर पर इस विषय का परीक्षण कर आवश्यक एवं न्यायसंगत कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी। संविदा टीबी कर्मचारियों को आशा है कि उपमुख्यमंत्री स्तर से मिले इस सकारात्मक आश्वासन के बाद शासन शीघ्र ठोस निर्णय लेगा।



