कमांडिंग ऑफिसर ने अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज का किया निरीक्षण
कर्नल का कॉलेज प्रशासन ने स्मृति चिन्ह देकर किया स्वागत

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में एन सी सी इकाई का जायजा लिया गया।
गुरुवार को कर्नल डॉ. दिनेश कुमार पाठक कमांडिंग ऑफिसर 19 यूपी गर्ल्स बटालियन एनसीसी ने अवध गर्ल्स डिग्री कॉलेज का औपचारिक निरीक्षण किया। यह भ्रमण महाविद्यालय की एनसीसी इकाई के कार्यकलापों एवं प्रगति की समीक्षा के उद्देश्य से किया गया। वहीं
कमांडिंग ऑफिसर का महाविद्यालय प्रशासन द्वारा स्वागत करते हुए प्रो. उपमा चतुर्वेदी ने कर्नल पाठक को सम्मान स्वरूप स्मृति-चिन्ह भेंट किया।
तत्पश्चात कमांडिंग ऑफिसर ने एएनओ ले. डॉ. सरिता सिंह एवं प्रो. उपमा चतुर्वेदी के साथ महाविद्यालय के एनसीसी कक्ष का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आधिकारिक अभिलेखों, प्रशिक्षण रजिस्टर, उपस्थिति अभिलेख तथा अन्य संबंधित दस्तावेजों का अवलोकन किया।
उन्होंने दस्तावेजों के सुव्यवस्थित तथा एनसीसी दिशा-निर्देशों के अनुरूप कार्यप्रणाली की सराहना करते हुए एएनओ के सूक्ष्म, व्यवस्थित एवं उत्तरदायी कार्य के प्रति संतोष व्यक्त किया।
कर्नल पाठक ने एनसीसी कैडेट्स से भी संवाद स्थापित किया तथा वर्तमान सत्र में उनके उत्कृष्ट प्रदर्शन और सक्रिय सहभागिता की प्रशंसा की।
उन्होंने कैडेट्स की अनुशासन, समर्पण एवं उत्साह की सराहना करते हुए उन्हें राष्ट्रीय कैडेट कोर के मूल आदर्शों एकता, अनुशासन, नेतृत्व एवं राष्ट्र सेवा का पालन करने के लिए प्रेरित किया। साथ ही भविष्य में विभिन्न प्रतिष्ठित शिविरों एवं गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने के लिए उत्साहवर्धन किया।



