सदन में जनहित के मुद्दों को रख,स्वस्थ चर्चा कर प्रदेश के विकास में करें सहयोग – मुख्यमंत्री
कल से प्रारंभ होगा विधानसभा का बजट सत्र

विधानसभा अध्यक्ष की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक
लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। विधानसभा बजट सत्र को लेकर सर्वदलीय बैठक आयोजित की गई। कल विधानसभा का बजट सत्र 18 फरवरी मंगलवार से प्रारंभ होने जा रहा है । इसी बजट सत्र को लेकर सोमवार को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना की अध्यक्षता में सर्वदलीय बैठक की। जिसमें मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी हिस्सा लिया। नेता सदन ने विपक्षी दलों से सदन की कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने का अनुरोध किया। वहीं मुख्यमंत्री ने विपक्षी दलों के नेताओं से कहाकि जनहित के मुद्दों को सदन में रखें एवं स्वस्थ चर्चा कर प्रदेश में विकास को और गति प्रदान करने में सरकार का सहयोग करें। नेता सदन योगी आदित्यनाथ ने कहा कि सदन में स्वस्थ चर्चा होनी चाहिए। इससे प्रदेश का विकास भी होता है और जनता की समस्याओं का समाधान भी। जनप्रतिनिधि के रूप में जनता के हित से जुड़े हर मुद्दों पर सदन में सुचारू रूप से चर्चा होनी चाहिए। सीएम ने कहा कि सदन के संचालन में किसी प्रकार की बाधाएं न आएं, इसका ध्यान सभी सदस्यों को रखना चाहिए। साथ ही विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने भी सदन के सुचारू संचालन के लिए सभी सदस्यों का सहयोग मांगा। कल से शुरू हो रहे विधानसभा बजट सत्र से पहले विधानसभा की कार्यवाही का अवधी, ब्रज, भोजपुरी, बुंदेली एवं अंग्रेजी बोलियों में अनुवाद के पूर्वाभ्यास का मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने अवलोकन कराया। बैठक में उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, वित्त मंत्री सुरेश खन्ना, नेता प्रतिपक्ष माता प्रसाद पांडेय, कांग्रेस विधानमंडल दल की नेता आराधना मिश्रा, सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के विधायक बेदी राम, जनसत्ता दल लोकतांत्रिक पार्टी से विनोद सरोज मौजूद रहे।