मुख्यमंत्री ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की समीक्षा
अधिकारियों को ‘एकमुश्त समाधान योजना लागू करने के निर्देश

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। एकमुश्त समाधान योजना को लागू करने के निर्देश दिए। बुधवार को
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आवास एवं शहरी नियोजन विभाग की विस्तृत समीक्षा की। मुख्यमंत्री ने लंबित आवासीय एवं व्यावसायिक आवंटनों के त्वरित निस्तारण के लिए अधिकारियों को ‘एकमुश्त समाधान योजना (ओटीएस–2026)’ लागू करने के निर्देश दिए।
योजना का उद्देश्य वर्षों से लंबित बकाया एवं विवादित मामलों का त्वरित, पारदर्शी और जनकेंद्रित समाधान सुनिश्चित करना है।
मुख्यमंत्री ने निर्देश दिया कि योजना का स्वरूप मानवीय, न्यायसंगत और व्यावहारिक हो। एकमुश्त भुगतान पर उपयुक्त छूट तथा किस्तों में भुगतान का विकल्प उपलब्ध कराया जाए। प्रत्येक आवेदन का निस्तारण निर्धारित समयसीमा में सुनिश्चित किया जाए।
जिससे आवंटियों को राहत मिले और विभागीय राजस्व सुदृढ़ हो।
मुख्यमंत्री ने कहा कि सभी पात्र आवंटियों तक योजना की जानकारी पहुंचे, इसके लिए व्यापक प्रचार-प्रसार किया जाए। पूरी प्रक्रिया ऑनलाइन, पारदर्शी और उपयोगकर्ता-अनुकूल हो। डिफॉल्टर मामलों के निस्तारण में गति लाई जाए। जिससे नागरिकों को सुविधा मिले और योजनाओं को नई गति प्राप्त हो।



