मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री के लखनऊ आगमन को ले की बैठक
बस, पार्किंग ब्लॉक और प्रवेश द्वार के लिए जिम्मेदार नोडल अधिकारी करें नामित

लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन को लेकर बैठक की गयी। शनिवार को
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने सरकारी आवास पर उच्चस्तरीय बैठक में आगामी 25 दिसम्बर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के आगमन तथा नवनिर्मित ‘राष्ट्र प्रेरणा स्थल’ के लोकार्पण कार्यक्रम की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की जयन्ती के अवसर पर प्रधानमंत्री द्वारा लखनऊ को प्रदान किया जा रहा यह उपहार राष्ट्रीय चेतना, सांस्कृतिक विरासत एवं गौरव का प्रतीक बनेगा।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल पर स्थापित डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं.दीनदयाल उपाध्याय एवं श्रद्धेय अटल की प्रतिमाएं आने वाली पीढ़ियों को राष्ट्रीय एकता, एकात्म मानववाद तथा आत्मनिर्भर भारत की संकल्पना को समझने और आत्मसात करने की प्रेरणा देंगी।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रधानमंत्री की उपस्थिति को ध्यान में रखते हुए सुरक्षा, यातायात, प्रोटोकॉल, आतिथ्य एवं भीड़ प्रबंधन से सम्बन्धित सभी व्यवस्थाएं उच्चतम मानकों के अनुरूप सुनिश्चित की जाएं और किसी भी स्तर पर लापरवाही की गुंजाइश न रहे।
मुख्यमंत्री ने राष्ट्र प्रेरणा स्थल की फाइनल टचिंग, लैंडस्केपिंग, उद्यान, संग्रहालय परिसर, एम्फीथिएटर एवं मार्गों के सुन्दरीकरण कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूर्ण कराने के निर्देश दिए। उन्होंने प्रदेश भर से आने वाली 02 लाख से अधिक जनता के लिए तैयार की गई।
व्यवस्थाओं, परिवहन, पार्किंग ले-आउट, बस रूट प्लान, नियंत्रण कक्ष एवं चिकित्सा इकाइयों की समीक्षा की और कहा कि प्रत्येक बस, पार्किंग ब्लॉक और प्रवेश द्वार के लिए जिम्मेदार नोडल अधिकारी नामित किए जाएं।
मुख्यमंत्री ने पुलिस एवं प्रशासन को वीवीआईपी रूट, हेलीपैड, कार्यक्रम स्थल एवं जनसभा क्षेत्र में बहुस्तरीय सुरक्षा व्यवस्था लागू करने तथा यातायात डायवर्जन, पार्किंग व पैदल मार्ग के लिए स्पष्ट साइनेज लगाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि मीडिया प्रबंधन, स्वागत व्यवस्था, सांस्कृतिक प्रस्तुति और प्रोटोकॉल के सभी घटकों में समन्वय और समयबद्धता सुनिश्चित की जाए।
ज्ञातव्य है कि राष्ट्र प्रेरणा स्थल लगभग 230 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित 65 एकड़ क्षेत्र में विकसित भव्य परियोजना है। इसमें डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी, पं. दीनदयाल उपाध्याय एवं भारतरत्न श्रद्धेय अटल बिहारी वाजपेयी की 65 फीट ऊंची भव्य कांस्य प्रतिमाएं स्थापित करायी गयी हैं।
राष्ट्र प्रेरणा स्थल में राष्ट्र पुरुषों के जीवन, विचार एवं योगदान पर आधारित एक आधुनिक संग्रहालय का निर्माण किया गया है। राष्ट्र प्रेरणा स्थल 02 लाख लोगों की क्षमता वाला है।
इसमें मंच, एम्फीथिएटर, मेडिटेशन सेंटर, विपश्यना योग केन्द्र, कैफेटेरिया एवं आकर्षक लैंडस्केपिंग, स्पष्ट जोनिंग, पार्किंग एवं सुरक्षा प्रबंधन के साथ नागरिक उपयोगिता सुविधाएं मौजूद हैं।



