उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराष्ट्रीय

मुख्यमंत्री ने नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट का किया स्थलीय निरीक्षण 

एयरपोर्ट से जुड़ी परियोजनाओं को समय से पूर्ण करने के निर्देश

 

नोएडा,गौतमबुद्ध नगर। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट का स्थलीय जायजा लेकर अधिकारियों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए। शनिवार को

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जनपद गौतमबुद्धनगर में नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट, जेवर का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने डोमेस्टिक टर्मिनल, एयरपोर्ट उद्घाटन समारोह स्थल, सुरक्षा प्रबन्धन, यातायात व्यवस्था तथा अन्य निर्माण कार्यों की प्रगति का भी अवलोकन किया।

इसके उपरान्त मुख्यमंत्री ने एयरपोर्ट के बोर्ड रूम में जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट लिमिटेड (नायल), कंसेसियनार-एयरपोर्ट निर्माण एजेंसी के अधिकारियों के साथ उच्चस्तरीय समीक्षा बैठक की।

बैठक में परियोजना की प्रगति, आगामी कार्ययोजना एवं उद्घाटन समारोह की तैयारियों पर पावर प्वाइंट प्रजेंटेशन के माध्यम से विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि यात्रियों को सुगम एवं सुरक्षित अनुभव प्रदान करने के लिए सभी आवश्यक तैयारियाँ निर्धारित समय सीमा में पूर्ण की जाएं। नोएडा इण्टरनेशनल एयरपोर्ट प्रदेश के विकास का प्रतीक बनने जा रहा है।

इसके निर्माण कार्य में गुणवत्ता के उच्च मानकों, समयबद्धता और समन्वय को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। एयरपोर्ट के उद्घाटन समारोह की तैयारियों में किसी प्रकार की शिथिलता न बरती जाए।

मुख्यमंत्री ने प्रस्तावित जनसभा एवं रैली की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कहा कि सभा स्थल पर भूमि समतलीकरण, साफ-सफाई, प्रकाश व्यवस्था, पुलिस सुरक्षा, पेयजल, शौचालय और अन्य सभी मूलभूत सुविधाओं को दुरुस्त रखा जाए ताकि आम जनता को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।

मुख्यमंत्री ने कहा कि एयरपोर्ट परिसर एवं आसपास के क्षेत्रों का सौन्दर्यीकरण, स्वच्छता तथा यात्री सुविधा व्यवस्थाएं सुदृढ़ की जाएं। एयरपोर्ट से जुड़ी सड़क और मेट्रो लिंक कनेक्टिविटी परियोजनाएं समय से पूर्ण की जाएं। यातायात एवं सुरक्षा प्रबन्धन के सम्बन्ध में ठोस और समन्वित कार्ययोजना तैयार की जाएं।

बैठक में यमुना इण्टरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड के सीईओ द्वारा नागरिक उड्डयन महानिदेशालय, नागरिक उड्डयन सुरक्षा ब्यूरो, विस्फोटक निरोधक दस्ता, सीवेज शोधन संयंत्र, नियंत्रण इकाई, उपस्टेशन तथा आधारभूत संरचना रेडलाइन से सम्बन्धित कार्यों की अद्यतन स्थिति प्रस्तुत की गई।

मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे के संचालन से जुड़े सभी तकनीकी, सुरक्षा एवं प्रशासनिक पहलुओं की गहन समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

यमुना इण्टरनेशनल एयरपोर्ट प्राइवेट लिमिटेड की चीफ ऑपरेटिंग ऑफिसर द्वारा एनआईए अनुज्ञा निर्गमन, यात्री सुरक्षा, यात्री सेवाएं, रनवे, वायु संचालन परीक्षण, योगदान तथा केन्द्रीय औद्योगिक सुरक्षा बल द्वारा की जा रही सुरक्षा व्यवस्थाओं के सम्बन्ध में विस्तृत जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे परिसर की सुरक्षा व्यवस्था को पूर्ण रूप से सुदृढ़ और चाक-चौबन्द रखने के निर्देश देते हुए कहा कि किसी भी प्रकार की शिथिलता अस्वीकार्य होगी।

मुख्यमंत्री ने हवाई अड्डे परिसर में दो नए पुलिस थाने स्थापित करने एवं उनमें पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने हवाई अड्डे से सड़क सम्पर्क, माल परिवहन सम्पर्क, अग्निशमन केन्द्र, जल शोधन संयंत्र, जलभराव निस्तारण एवं वाहन पार्किंग की व्यवस्थाओं की भी विस्तार से समीक्षा की।

इस अवसर पर लोक निर्माण राज्य मंत्री एवं जनपद के प्रभारी मंत्री बृजेश सिंह सहित अन्य जनप्रतिनिधि एवं शासन-प्रशासन के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button