मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने विभिन्न जनपदों में बूथों का किया निरीक्षण
विभिन्न जनपदों में बूथों का लिया जायजा

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण की हकीकत परखी गयी। रविवार को
मुख्य निर्वाचन अधिकारी, उत्तर प्रदेश नवदीप रिणवा ने बताया कि विधानसभा निर्वाचन क्षेत्रों की मतदाता सूची के विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम 2026 के अंतर्गत रविवार को प्रदेश के समस्त मतदान केन्द्रों पर बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा आलेख्य मतदाता सूची पढ़े
जाने का विशेष कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अभियान के प्रभावी क्रियान्वयन एवं पारदर्शिता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से मुख्य निर्वाचन अधिकारी कार्यालय के अधिकारियों द्वारा विभिन्न जनपदों में मतदान केन्द्रों का स्थलीय भ्रमण कर अनुश्रवण किया गया।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने मतदान केन्द्रों पर उपलब्ध व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा बूथ लेवल अधिकारियों द्वारा किए जा रहे कार्य की गुणवत्ता का आंकलन किया।
यह सुनिश्चित किया गया कि बीएलओ निर्धारित समय पर बूथों पर उपस्थित रहकर मतदाताओं को आलेख्य मतदाता सूची पढ़कर सुना रहे हैं और मृतक, स्थानांतरित, अनुपस्थित, दोहरी प्रविष्टि अथवा अन्य कारणों से चिह्नित मतदाताओं से संबंधित जानकारी स्पष्ट रूप से साझा की जा रही है।
उन्होंने कहा कि विशेष प्रगाढ़ पुनरीक्षण कार्यक्रम का उद्देश्य मतदाता सूची को अधिकतम शुद्ध, अद्यतन एवं त्रुटिरहित बनाना है, ताकि कोई भी पात्र मतदाता सूची से वंचित न रह जाए। भारत निर्वाचन आयोग की मंशा के अनुरूप प्रत्येक पात्र नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करना लोकतंत्र की मजबूती के लिए अत्यंत आवश्यक है।
मुख्य निर्वाचन अधिकारी नवदीप रिणवा ने प्रदेश के सभी मतदाताओं से अपील की है कि वे अपने संबंधित बूथ की मतदाता सूची में अपना नाम अवश्य जांचें।
यदि नाम सम्मिलित न हो या किसी प्रकार की त्रुटि हो तो फार्म-6, 7 अथवा 8 के माध्यम से समयबद्ध रूप से ऑनलाइन या ऑफलाइन दावे एवं आपत्तियां दर्ज कराएं, जिससे मतदाता सूची को और अधिक विश्वसनीय बनाया जा सके।



