त्योहारों पर लापरवाही नहीं होगी बर्दाश्त – दयाशंकर सिंह
लम्बी रूट वाली बसों में दो ड्राइवर रखने के निर्देश

ओवरलोडिंग, ओवरस्पीडिंग एवं बिना हेलमेट/सीट बेल्ट वाहन चलाने वालों पर विशेष निगरानी रखी जाए
लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। त्योहारों पर आम जनमानस को सुरक्षित यात्रा प्रदान करने के लिए सख्त निर्देश जारी किये गए हैं। शुक्रवार को मुख्यमंत्री द्वारा
होली पर्व को लेकर आमजन की सुरक्षा एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के लिए परिवहन विभाग एवं निगम के अधिकारियों के साथ हुई उच्च स्तरीय बैठक में निर्देश जारी किये।
मुख्यमंत्री के निर्देशों के अनुपालन में परिवहन मंत्री द्वारा प्रदेश भर में विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए गए हैं। उक्त बैठक में परिवहन मंत्री दयाशंकर सिंह, अपर मुख्य सचिव परिवहन अर्चना अग्रवाल, प्रबंध निदेशक परिवहन निगम प्रभु एन सिंह, परिवहन आयुक्त किंजल सिंह, विशेष सचिव परिवहन खेमपाल सिंह उपस्थित रहे। वहीं
परिवहन मंत्री ने होली पर्व के दृष्टिगत निर्देश दिए कि बसों की सुरक्षित यात्रा के साथ साथ बसों के फेरों की संख्या में वृद्धि की जाय, जिससे कि यात्रियों को सुरक्षित एवं आरामदायक यात्रा मुहैया कराते हुए उनके गन्तव्य तक पहुंचाया जा सके।
28 फरवरी से 09 मार्च की प्रोत्साहन अवधि के दौरान प्रारम्भिक दिवसों में दिल्ली से पूर्वी दिशा के यात्रियों को ले जाने के लिए अधिक से अधिक संख्या में बसें चलायी जायं, जो होली पर्व की सायं तक यात्रियों को उनके गन्तव्य तक पहुचाती रहें।
उन्होंने कहा कि लखनऊ एवं कानपुर नगरों में बसों की अतिरिक्त व्यवस्था की जाय। होली के पश्चात विभिन्न क्षेत्रों से मुख्यतः दिल्ली, जयपुर, कानपुर, लखनऊ आदि नगरों से पूर्वी उत्तर प्रदेश के विभिन्न नगरों को जाने के लिए पर्याप्त संख्या में बसें संचालित की जायं।
प्रोत्साहन योजना अवधि में शतप्रतिशत निगम बसों को आनरोड किया जाय तथा निरंतर चलाये जाने की व्यवस्था आवश्यकतानुसार सुनिश्चित किया जाय। परिवहन निगम की बसों में ईटीएम की शतप्रतिशत उपलब्धता सुनिश्चित रहे। कोई भी बस बिना ईटीएम के मार्ग पर संचालित न की जाय।
परिवहन मंत्री ने निर्देश दिए कि लम्बी दूरी की बसों में दो ड्राइवर अवश्य रखे जाएं, जिससे की यात्रियों को सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करायी जा सके। साथ ही उन्होंने निर्देश दिए कि प्रत्येक निर्धारित रूट पर अतिरिक्त बसों का संचालन भी सुनिश्चित किया जाए।
परिवहन राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह ने कहा है कि त्योहारों के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। परिवहन विभाग निगम के अधिकारियों को निर्देशित किया है कि सड़क दुर्घटनाओं की रोकथाम के लिए प्रभावी एवं ठोस कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।
उन्होंने विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए है कि प्रदेश के सभी प्रमुख मार्गों, राष्ट्रीय एवं राज्य राजमार्गों पर विशेष जांच अभियान चलाया जाए। यात्रियों की सेहत और सुरक्षा का ध्यान रखते हुए बस स्टेशनों एवं पार्किंग स्थलों पर शुद्ध खान-पान सुनिश्चित करने के लिए जिलाधिकारियों से समन्वय स्थापित किए जाए।
वाहनों में ज्वलनशील सामग्री या गैस सिलेंडर ले जाना प्रतिबंधित रहेगा और सभी वाहन निर्धारित पार्किंग स्थलों पर ही खड़े किए जाएंगे। यह भी सुनिश्चित किया जाए कि यदि किसी वाहन को नियमों के उल्लंघन में निरुद्ध किया जाता है, तो यात्रियों की सुविधा के लिए परिवहन निगम द्वारा तत्काल वैकल्पिक बर्सों की व्यवस्था की जाएगी।
उन्होंने कहा कि शराब पीकर वाहन चलाने वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई की जाए तथा ब्रेथ एनालाइजर से नियमित जांच की जाए।
परिवहन मंत्री ने कहा कि आमजन को जागरूक करने के लिए सभी संभागीय,सहायक संभागीय परिवहन अधिकारी एवं क्षेत्रीय,सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक द्वारा व्यापक जनजागरूकता अभियान चलाया जाए।
इसके अतिरिक्त, 24×7 नियंत्रण कक्ष सक्रिय रखने तथा आपात स्थिति में त्वरित सहायता उपलब्ध कराने के निर्देश भी दिए गए हैं। उन्होंने निर्देश दिए हैं कि सभी अधिकारी जांच टीमों के साथ फील्ड में तैनात रहेंगे।
होली पर्व के अवसर पर सभी अधिकारी आमजन के फोन कॉल्स अवश्य उठाएंगे और उनकी समस्या का त्वरित समाधान भी सुनिश्चित कराएंगे। अनफिट बसों का संचालन किसी भी परिस्थिति में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना की स्थिति में नियमानुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। होली पर्व के अवसर पर परिवहन मंत्री ने प्रदेशवासियों से अपील की है कि वे होली का पर्व हर्षाेल्लास एवं सौहार्द के साथ मनाएं, किन्तु यातायात नियमों का पालन अवश्य करें और सुरक्षित यात्रा को प्राथमिकता दें।



