दिल्ली और मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत पर जश्न
कार्यकर्ताओं ने की आतिशबाजी मनाया जश्न

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। विधानसभा चुनाव चुनाव के परिणाम आते ही कार्यकर्ताओ ने जश्न मनाया। शनिवार को दिल्ली विधानसभा चुनाव और उत्तर प्रदेश के मिल्कीपुर विधानसभा उपचुनाव में भारतीय जनता पार्टी की प्रचंड जीत पर भाजपा प्रदेश मुख्यालय हजरतगंज में ‘विजयोत्सव’ मनाया गया। इस दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं ने ढोल-नगाड़ों की धुन पर नाच-गाकर, आतिशबाजी कर और एक-दूसरे को मिठाई खिलाकर जीत का जश्न मनाया। इस अवसर पर प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य और ब्रजेश पाठक, प्रदेश महामंत्री (संगठन) धर्मपाल सिंह, राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) दयाशंकर सिंह सहित वरिष्ठ नेताओं की मौजूदगी में कार्यकर्ताओं ने भाजपा की जीत का उत्सव मनाया। वहीं प्रदेश अध्यक्ष भूपेंद्र सिंह चौधरी ने दिल्ली विधानसभा में भाजपा को मिली बड़ी जीत के लिए जनता का आभार व्यक्त करते हुए इसे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के विश्वास का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा की जीत मोदी सरकार की गरीब कल्याणकारी योजनाओं और नीतियों पर जनता की मुहर है। उन्होंने मिल्कीपुर विधानसभा में भाजपा प्रत्याशी चंद्रभानु पासवान की ऐतिहासिक जीत को विपक्ष के नकारात्मक एजेंडे की हार करार दिया और कहा कि योगी सरकार ने प्रदेश में बिजली, पानी, सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा और सुरक्षा के क्षेत्र में अभूतपूर्व काम किया है, जिसका परिणाम जनता ने वोट के रूप में दिया है। प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने इस मौके पर विपक्ष पर करारा हमला बोलते हुए कहा कि समाजवादी पार्टी, कांग्रेस और आम आदमी पार्टी अब ‘समाप्तवादी पार्टी’ बनने की ओर अग्रसर हैं। उन्होंने कहा कि भ्रष्टाचार, झूठ, लूट, गुंडागर्दी और तुष्टिकरण की राजनीति करने वाले लोगों को जनता ने नकार दिया है। उन्होंने कहा कि हरियाणा, महाराष्ट्र के बाद दिल्ली विजय की त्रिवेणी बह रही है और विपक्ष की राजनीति डूब रही है।उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने भी दिल्ली विधानसभा और मिल्कीपुर उपचुनाव में भाजपा की ऐतिहासिक जीत के लिए मतदाताओं का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि यह जीत प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व पर जनता के अपार विश्वास की प्रतीक है। उन्होंने कहा कि देश की जनता विपक्ष की तुष्टिकरण, परिवारवाद और भ्रष्टाचार की राजनीति को लगातार नकार रही है और भाजपा के विकास और सुशासन को अपना समर्थन दे रही है। इस विजयोत्सव में प्रदेश महामंत्री गोविंद नारायण शुक्ला, राम प्रताप सिंह चौहान, प्रदेश मंत्री अंजुला माहौर, अमित वाल्मीकि, शिवभूषण सिंह, प्रदेश मीडिया प्रभारी मनीष दीक्षित, मुख्यालय प्रभारी भारत दीक्षित, सहमुख्यालय प्रभारी अतुल अवस्थी, चौधरी लक्ष्मण सिंह, महानगर अध्यक्ष आनंद द्विवेदी सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे।