आयुर्वेद कॉलेज छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर दिखाई प्रतिभा
आयुर्वेद अस्पताल के डॉक्टरों ने छात्रों को दी बधाई

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी के राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज छात्रों ने राष्ट्रीय स्तर पर अपनी प्रतिभा को दर्शाया है। बता दें कि बीते 9 जनवरी को आयुष मंत्रालय के तहत कार्यरत अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान नई दिल्ली के तत्वावधान में राजकीय आयुर्वेदिक कॉलेज एवं अस्पताल के मालवीय सभागार में “नव प्रवर्तक आइडिया हैकाथॉन का आयोजन किया गया था। इस प्रतियोगिता का उद्देश्य आयुर्वेद में नवाचार और अनुसंधान को बढ़ावा देना था। इस हैकाथॉन में कॉलेज के कई छात्रों ने भाग लिया, जिनमें से तीन समूहों के सुझावों को सर्वश्रेष्ठ मानते हुए चयनित किया गया था। चयनित छात्रों में डॉ. मुख्ता शुक्ला, डॉ. अभिषेक मिश्रा, डॉ. आनंद पांडेय, डॉ. आरती नायक, डॉ. संयुक्ता मिश्रा, डॉ. अलका सिंह शामिल रही। वहीं कॉलेज सभी छात्रों को उनके विचारों के मूल्यांकन के लिए अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान भेजा गया, जहां देशभर के विभिन्न आयुर्वेदिक कॉलेजों से सैकड़ों नवाचार प्रस्तुत किए गए थे। बुधवार को अखिल भारतीय आयुर्वेद संस्थान द्वारा शीर्ष 101 चयनित विचारों की सूची जारी की गई। जिसमें आयुर्वेदिक कॉलेज छात्रों की रैंकिंग में डॉ. आनंद पांडेय और डॉ. आरती नायक ऑल इंडिया 10वां स्थान, डॉ. मुख्ता शुक्ला और डॉ. अभिषेक मिश्रा ऑल इंडिया 28वां स्थान, डॉ. संयुक्ता मिश्रा और डॉ. अलका सिंह ऑल इंडिया 33वां स्थान दिया गया। वहीं इस उपलब्धि के लिए कॉलेज प्रशासन कॉलेज के प्रधानाचार्य डॉ. माखन लाल ने ख़ुशी जाहिर करते हुए कहा कि “यह हमारे कॉलेज के लिए गर्व की बात है कि हमारे छात्र राष्ट्रीय स्तर पर आयुर्वेद में नवाचार कर रहे हैं। यह उनकी कड़ी मेहनत और समर्पण का परिणाम है। साथ ही इस कार्यक्रम के संयोजक (को-ऑर्डिनेटर) डॉ. शैलेंद्र कुमार ने भी छात्रों को बधाई दी और कहा कि “इस प्रकार के हैकाथॉन छात्रों को शोध और नवाचार के प्रति प्रेरित करने का कार्य करते हैं। हम भविष्य में भी ऐसे आयोजनों में भागीदारी सुनिश्चित करेंगे। इसी क्रम में डॉ.धर्मेंद्र प्रभारी चिकित्सा अधिकारी ने भी सभी छात्रों को बधाई देते हुए कहा कि यह उपलब्धि आयुर्वेदिक कॉलेज के लिए गौरव का क्षण है और अन्य छात्रों के लिए प्रेरणा प्रदान करेगा।