सोसाइटी युद्ध बंदियों की मदद करने में निभाती सक्रिय भूमिका -ब्रजेश पाठक
डिप्टी सीएम ने रेडक्रॉस सोसाइटी राज्य शाखा सभापति की, ली जिम्मेदारी

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। राजधानी में रेड क्रॉस सोसाइटी पदाधिकारी का चुनाव प्रक्रिया पूरी हो गयी। शनिवार को रेड क्रॉस सोसाइटी राज्य शाखा के चुनाव में उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक को सभापति की जिम्मेदारी दी गई।
वहीं डिप्टी सीएम ब्रजेश पाठक ने अपने सम्बोधन में कहा कि इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी का कार्यक्षेत्र व्यापक स्तर पर फैला हुआ है। सोसाइटी द्वारा आपदा राहत, स्वास्थ्य सेवा, सामुदायिक विकास जैसे क्षेत्रों में सोसाइटी द्वारा व्यापक कार्य किया जा रहा है। पूरे भारत में 1100 से अधिक शाखाएं हैं। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी स्वास्थ्य सेवाओं को बढ़ावा देने के लिए विभिन्न कार्यक्रम चलाती है, जैसे कि प्राथमिक चिकित्सा प्रशिक्षण, रक्त दान अभियान और विभिन्न बीमारियों के उन्मूलन के लिए जागरूकता कार्यक्रम शामिल हैं।
उन्होंने कहा कि सोसाइटी मानवीय सिद्धांतों और मूल्यों को बढ़ावा देने के लिए भी काम करती है, जैसे कि निष्पक्षता, निस्वार्थता और एकता। इंडियन रेडक्रॉस सोसाइटी युद्ध या संघर्ष के दौरान घायलों और युद्ध बंदियों की मदद करने में भी सक्रिय भूमिका निभाती है।
इसी क्रम में चुनाव अधिकारी गंगाराम गुप्ता ने बताया कि चुनाव के दौरान सोसाइटी की राज्य शाखा के सभापति पद के लिए उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक एवं कोषाध्यक्ष पद के लिए अरुण कुमार सिंह का नाम फतेहपुर चेयरमैन अनुराग श्रीवास्तव द्वारा प्रस्तुत किया गया।
पूर्व उप सभापति अखिलेंद्र शाही ने इस पर सभा का समर्थन मांगा, जिस पर सदन ने सर्वसम्मति से ध्वनि मत से समर्थन किया। शाही द्वारा विगत वर्षों में सोसाइटी द्वारा किए गए कार्यों के बारे में जानकारी दी।



