उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराष्ट्रीय

 एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसा, छह की मौत

सड़क किनारे बस से उतरी सवारियों को कंटेनर ने रौदा

 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जताया शोक 

मथुरा। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। सड़क पर दौड़ते वाहन कब किसकी जीवन लीला ख़त्म कर दें यह कोई नहीं जानता। शनिवार को उत्तर प्रदेश में मथुरा जिले में यमुना एक्सप्रेस-वे पर सड़क हादसे में छह यात्रियों की मौके पर ही मौत होना बताया जा रहा है।

जबकि एक यात्री गंभीर रूप से घायल हो गया। यह हादसा थाना सुरीर क्षेत्र के माइल स्टोन 88 के पास तड़के करीब पौने तीन बजे हुआ। मुख्यमंत्री ने सड़क हादसे का संज्ञान लिया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मृतकों के शोक संतप्त परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त की है। उन्होंने अधिकारियों को तत्काल मौके पर पहुंच कर राहत कार्य में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं।

थाना प्रभारी सुरीर अजय कुमार ने बताया कि दिल्ली के नांगलोई से कानपुर के रसूलाबाद जा रही एक प्राइवेट बस के यात्रियों ने लघुशंका के लिए चालक से बस रोकने को कहा। चालक ने ग्रीन जोन में बस न रोकते हुए एक्सप्रेस-वे पर ही बस खड़ी कर दी।

बस से उतरकर यात्री सड़क किनारे लघुशंका कर रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने पहले बस में टक्कर मारी और फिर नीचे खड़े यात्रियों को रौंद दिया। हादसे में औरैया जनपद के सरवा कटरा निवासी सोनू, बस्ती जिले के अलेवल निवासी देवेश, कन्नौज के गणेश का पुरवा निवासी अस्लम, दिल्ली के प्रेम नगर निवासी संतोष समेत दो अन्य अज्ञात यात्रियों की मौके पर ही मौत हो गई। मृतकों में दो लोगों की अभी पहचान नहीं हो सकी है।

वहीं, औरैया के बेला निवासी अमर दुबे इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए, जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय मौसम साफ था और कोहरा नहीं था। थाना प्रभारी सुरीर अजय कुमार ने बताया कि कंटेनर चालक की तलाश जारी है।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button