उत्तर प्रदेशबड़ी खबरराष्ट्रीय

पीएम मोदी ने रोजगार मेले में 51 हज़ार नियुक्ति पत्र बांटे

केन्द्रीय राज्य मंत्री ने 250 युवाओं का बढ़ाया हौंसला

 

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने नियुक्ति पत्र का वितरण किया। शनिवार को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से 15 वें रोजगार मेले के तहत देशभर के 47 स्थानों पर आयोजित कार्यक्रमों में 51 हज़ार से अधिक नियुक्ति पत्र वितरित किए। इसी क्रम में राजधानी के इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में केंद्रीय विदेश, वन, पर्यावरण और जलवायु परिवर्तन राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने 250 युवाओं को नियुक्ति पत्र सौंपे।

प्रधानमंत्री के विकसित भारत के सपने का उल्लेख करते हुए केंद्रीय राज्य मंत्री कीर्ति वर्धन सिंह ने कहा कि रोजगार मेला केवल एक कार्यक्रम नहीं, बल्कि एक राष्ट्रीय संकल्प है। उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत, जो विश्व का सबसे युवा देश है, अपनी युवा शक्ति के बल पर तेजी से प्रगति कर रहा है।

श्री सिंह ने कहा कि JAM – जन-धन, आधार और मोबाइल भारत देश की ताकत है जिसका गुणगान आज विदेशों में भी हो रहा है।उन्होंने कहा कि JAM त्रिवेणी के माध्यम से सरकारी योजनाओं और तकनीक का लाभ देश के अंतिम व्यक्ति तक पहुँच रहा है, जिससे भ्रष्टाचार में कमी आई है और पारदर्शिता बढ़ी है।

श्री सिंह ने कहा कि यह नियुक्ति पत्र केवल एक दस्तावेज नहीं, बल्कि देश की सेवा करने का एक सुनहरा अवसर है। उन्होंने कहा, आज आप सभी ‘टीम मोदी’ का हिस्सा बन रहे हैं। उन्होंने कहा कि देश के 140 करोड़ नागरिकों को केंद्र में रखकर सेवा-भाव से कार्य करना हम सबका दायित्व है।

अपने संबोधन में मंत्री ने भारत के युवाओं की उपलब्धियों पर प्रकाश डालते हुए कहा कि हाल के वर्षों में भारत ने वैश्विक मंच पर अभूतपूर्व उपलब्धियां दर्ज की हैं। तकनीक और नवाचार के क्षेत्र में भारतीय युवाओं ने विश्व स्तर पर एक नई पहचान बनाई है। उन्होंने कहा कि विश्व में सूचना प्रौद्योगिकी के क्षेत्र में भारत द्वारा लायी गई क्रांति की चर्चा हर मंच पर होती है।

वित्तीय क्षेत्र में सुधारों पर बोलते हुए उन्होंने कहा कि इनकम टैक्स और जीएसटी जैसे कदम देश की विकास यात्रा की रीढ़ की हड्डी हैं। श्री सिंह ने कहा कि हमारा संकल्प है कि देश के अंतिम व्यक्ति को भी मुख्यधारा से जोड़ा जाए।

कार्यक्रम में विभिन्न मंत्रालयों व विभागों के प्रतिनिधियों की उपस्थिति रही। नियुक्ति पाने वाले युवा केंद्र सरकार के राजस्व विभाग, गृह मंत्रालय, डाक विभाग, उच्च शिक्षा विभाग, रेल मंत्रालय, श्रम एवं रोजगार मंत्रालय तथा अन्य मंत्रालयों में कार्यभार संभालेंगे।

प्रधानमंत्री रोजगार मेला, सरकार की उस प्रतिबद्धता का हिस्सा है जिसके अंतर्गत रोजगार सृजन को सर्वोच्च प्राथमिकता दी गई है। इस अभियान से न केवल युवाओं को सार्थक अवसर मिलते हैं, बल्कि वे राष्ट्र की मुख्यधारा से जुड़कर विकास यात्रा में योगदान देने में सक्षम होते हैं।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button