मुख्यमंत्री सहित माननीयों ने प्रभु श्रीराम का खींचा रथ
मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को दीपोत्सव की दी बधाई

उत्तर प्रदेश रामराज्य की तरफ अग्रसर – जयवीर सिंह
लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। भगवान श्रीराम जन्मभूमि नगरी मानो साक्षात् भगवान श्रीराम का आगमन हो गया हो। ऐसा ही नजारा दीपोत्सव से जगमग अयोध्या धाम के सरयू तट का देखने को मिल रहा है।
रविवार को अयोध्या धाम के दीपोत्सव के आयोजन में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ शामिल हुए। उन्होंने सबसे पहले श्रीराम लला के दर्शन पूजन कर सरयू तट पहुंचे। जहां श्री राम की पैड़ी पर आयोजित दीपोत्सव के आयोजन में सहभागी बनकर दीप प्रचलित किया।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रकाश पर्व दीपावली की प्रदेशवासियों को बधाई देते हुए प्रभु श्रीराम से उनकी सुख-समृद्धि एवं मंगलमय जीवन की कामना की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि पर्व एवं त्योहार शान्ति, एकता व सद्भाव का संदेश देते हैं एवं सामाजिक सौहार्द में वृद्धि करते हैं। दीपावली का पर्व भारत के सनातन धर्म की परम्परा का एक महत्वपूर्ण पर्व है।
मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम के 14 वर्ष के वनवास के उपरान्त अयोध्या आगमन और रामराज के शुभारम्भ की स्मृति स्वरूप आज से हजारों वर्ष पहले पूरे भरतखंड में श्रद्धालुओं द्वारा दीपमालाओं से अपने-अपने घरों को सजाकर इस पर्व को मनाना प्रारम्भ किया गया।
यह हम सभी का सौभाग्य है कि भगवान श्रीराम की पावन जन्मस्थली अयोध्या उत्तर प्रदेश में है। प्रदेश सरकार अयोध्या में दीपावली के आयोजन की प्राचीन और गौरवशाली परम्परा को ‘दीपोत्सव’ के आयोजन के माध्यम से पुनर्प्रतिष्ठित कर, सम्पूर्ण विश्व समुदाय को अयोध्या की महिमा से परिचित कराने का कार्य कर रही है। स्वागतम् ते महाबाहो सीतया सह राघव।
अयोध्यां पुनरागत्य हर्षयस्व जनं प्रभो॥ साथ ही योगी आदित्यनाथ ने अयोध्या धाम की पावन धरा पर ‘पुष्पक विमान’ (हेलीकॉप्टर) से आए प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूपों का स्वागत किया। यहीं पर भरत मिलाप का कार्यक्रम भी सम्पन्न हुआ।
मुख्यमंत्री सहित अन्य विशिष्ट महानुभाव प्रभु श्रीराम का रथ खींचकर रामकथा पार्क के मंच तक लाए। इसके उपरांत प्रभु श्रीराम, माता सीता और लक्ष्मण के स्वरूप के मंच पर आने पर पूजन-वन्दन एवं आरती की।
इस अवसर पर जब हेलीकॉप्टर से पुष्पवर्षा हुई, तो लगा मानो स्वयं देवगण प्रभु श्रीराम के स्वागत में पुष्प अर्पित कर रहे हों। जन-जन का हृदय भक्ति और उल्लास से पुलकित हो उठा। वहीं
उत्तर प्रदेश के पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अयोध्या में आयोजित समारोह में प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा, दीपोत्सव-2025 में ‘विकसित उत्तर’ की झलक नजर आई रही है, जो विकसित भारत का स्वरूप है।
पर्यटन मंत्री ने दीपोत्सव के नौवें संस्करण के लिए आयोजित कार्यक्रम को सम्बोधित करते हुए कहा कि ‘उत्तर प्रदेश राम राज्य की ओर बढ़ रहा है। पिछली सरकारों के जंगलराज को नकारते हुए जनता ने वर्ष 2017 में मुख्यमंत्री के रूप में योगी आदित्यनाथ जी को प्रदेश की सत्ता सौंपी। उन्होंने माफियाराज को जड़ से उखाड़कर राज्य में फिर से रामराज्य की स्थापना की।’
मंत्री जयवीर सिंह ने कहा, ‘प्रदेश में हाल के वर्षों में पर्यटन ने शिखर छुआ है। प्रदेश आने वाले आगतुकों का उत्साह पर्यटन को बढ़ावा दे रहा है। बाहर से राज्य में आने वाले लोगों में सुरक्षा का भाव बढ़ा है।’
उन्होंने कहा, ‘प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में ‘विकसित भारत@2047’ के संकल्प को पूरा करने का हरसंभव प्रयास किया जा रहा है। उसी तरह हम प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ जी के नेतृत्व में ‘विकसित उत्तर प्रदेश@2027 के संकल्प के साथ आगे बढ़ रहे हैं।
मंत्री ने कहा, ‘दीपोत्सव के रूप में अयोध्या और उसके आसपास विकास की गति को पंख लग गए हैं। 2017 से आयोजित दीपोत्सव ने हर वर्ष दीप प्रज्ज्वलन का न सिर्फ नया कीर्तिमान स्थापित कर रहा है बल्कि अयोध्या मॉडल के रूप में नया मानक भी स्थापित किया है। दीप पर्व में स्वछता, सुरक्षा और अनुशासन के बीच आस्था एक नया अध्याय लिख रही है।
प्रदेशवासियों को अयोध्या दीपोत्सव-2025 की शुभकामनायें देते हुए पर्यटन एवं संस्कृति मंत्री जयवीर सिंह ने अयोध्या में उपस्थित संतों, तपस्वी और प्रबुद्ध जनों का आभार व्यक्त किया।
शाम होते ही रामकथा पार्क से लेकर राम की पैड़ी, धर्मपथ, लता चौक और हनुमानगढ़ी तक दीपों की पंक्तियां ऐसे झिलमिला उठीं जैसे कि पूरा अयोध्या दिव्य प्रकाश से नहा गया। हर गली, हर घाट, हर भवन जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज रहा था। श्रद्धालु दीप जलाते, भक्ति गीत गाते और इस दृश्य को अपने कैमरों में कैद करते दिखे।



