राष्ट्रपति ने बाल वैज्ञानिक पूजा पाल को किया सम्मानित
बाराबंकी की पूजा पाल प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से पुरस्कृत

बाराबंकी। लखनऊ, भारत प्रकाश न्यूज़। बाराबंकी जनपद व उत्तर प्रदेश का नाम रोशन करने वाली बाल वैज्ञानिक पूजा पाल पुरस्कृत की गयी।
शुक्रवार को नई दिल्ली में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार 2025 से पूजा पाल को सम्मानित किया। पूजा पाल द्वारा बीते दिनों धूल रहित थ्रेशर मशीन विकसित की है।
जिसे प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार से सम्मानित किया गया। प्रधानमंत्री राष्ट्रीय बाल पुरस्कार देश का सर्वोच्च बाल सम्मान है, जो उन बच्चों को दिया जाता है, जिन्होंने शिक्षा, खेल, कला, संस्कृति, विज्ञान, समाज सेवा अथवा नवाचार के क्षेत्र में उल्लेखनीय योगदान दिया हो।
पूजा पाल द्वारा विकसित धूल रहित थ्रेशर किसानों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के साथ-साथ कृषि कार्य को अधिक सुरक्षित एवं प्रदूषण मुक्त बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण नवाचार किया है। यह यंत्र थ्रेशिंग के दौरान उड़ने वाली धूल को नियंत्रित कर श्वसन संबंधी समस्याओं को कम करने में सहायक है।
उल्लेखनीय है कि पूजा पाल इससे पूर्व भी अपनी वैज्ञानिक प्रतिभा का परिचय दे चुकी हैं। इंस्पायर अवार्ड के अंतर्गत चयनित होकर वे जापान की शैक्षणिक एवं वैज्ञानिक यात्रा कर चुकी हैं, जहाँ उन्होंने भारत का प्रतिनिधित्व किया और अपने नवाचार को अंतरराष्ट्रीय मंच पर प्रस्तुत किया।
इस अवसर पर जिलाधिकारी शशांक त्रिपाठी ने पूजा पाल की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि पूजा पाल जनपद बाराबंकी का गौरव हैं। उनके द्वारा निर्मित धूल रहित थ्रेशर न केवल नवाचार का उत्कृष्ट उदाहरण है, बल्कि यह किसानों के स्वास्थ्य एवं पर्यावरण संरक्षण की दिशा में एक महत्वपूर्ण योगदान भी है।
कम उम्र में राष्ट्रीय स्तर पर सम्मान प्राप्त कर उन्होंने यह सिद्ध कर दिया है कि जनपद की प्रतिभाएं किसी से कम नहीं हैं।
जिलाधिकारी ने कहा कि पूजा पाल की सफलता से जिले के अन्य छात्र-छात्राओं को भी विज्ञान, नवाचार और अनुसंधान के क्षेत्र में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी। वहीं उप्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने जिला व प्रदेश का नाम रोशन करने के लिए बधाई देते हुए उज्जवल भविष्य की कामना की।



