जानकीपुरम विस्तार क्षेत्र में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने डाला डेरा
डॉक्टरों ने क्षेत्र का भ्रमण कर मरीजों को बांटी दवाएं

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। जानकीपुरम विस्तार क्षेत्र में संक्रमण फैलने को लेकर स्वास्थ्य विभाग की टीम ने कैंप लगाकर मरीजों को आवश्यक दवाएं दी जा रही हैं।
शनिवार को मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ एनबी सिंह के निर्देशानुसार डा. बीएन यादव अपर मुख्य चिकित्साधिकारी, एवं डा. निशान्त निर्वाण उप मुख्य चिकित्साधिकारी, द्वारा जानकीपुरम क्षेत्र का स्थलीय निरीक्षण किया गया।
क्षेत्र में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जानकीपुरम की टीम द्वारा क्षेत्र में घर-घर सर्वे कर मरीजों को आवश्यक दवायें प्रदान की जा रही हैं।
जानकीपुरम विस्तार से.-7 में कोई रोगी नही मिला तथा जानकीपुरम विस्तार सेक्टर-6 में नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र जानकीपुरम की टीम द्वारा क्षेत्र में 270 घरों का निरीक्षण किया गया। साथ ही जानकीपुरम विस्तार से.-3 में 360 घरों का निरीक्षण किया गया।
क्षेत्र में स्थापित कैम्प में 08 मरीजों को देखा गया है। जिसमें से 1 मरीज को ट्रामा सेन्टर जानकीपुरम में भर्ती कराया गया। क्षेत्र से पूर्व में भर्ती मरीजों में से 5 रोगियों को स्वस्थ होने के उपरान्त डिस्चार्ज कर दिया गया।
क्षेत्र में ब्लीचिंग पाउडर का छिडकाव एवं जनसामान्य को स्वास्थ्य शिक्षा प्रदान की गयी। नगर मलेरिया इकाई की टीम द्वारा क्षेत्र में एण्टी लार्वा रसायन का छिडकाव भी किया गया। क्षेत्र की स्थिति नियन्त्रण में है।
स्वास्थ्य विभाग की नगर वासियों से अपील..
वर्षा ऋतु के आगमन के साथ ही डायरिया एवं वेक्टर जनित रोग एवं अन्य संक्रामक रोगो के फैलने की संभावना बनी रहती है। जिन पर कुछ सामान्य क्रियाकलापों से प्रभावी नियन्त्रण एवं रोकथाम रखा जा सकता है। उक्त को दृष्टिगत रखते हुए डायरिया, वेक्टर जनित रोग एवं अन्य संक्रामक रोगो की रोकथाम एवं नियन्त्रण के लिए अपील की गयी।
जिसमें खाना खाने से पहले एवं शौच के बाद साबुन से अच्छी तरह से हाथ धोये। इसके अतिरिक्त भी दिन में कई बार साबुन से हाथ को धोये। ताजा पके हुये भोजन का ही सेवन करे। बांसी भोजन एवं कटे फल के सेवन से बचे।
बाहर खुले में रखे खाद्य सामग्री, कटे हुए फल आदि के सेवन से भी बचे। पीने के पानी के प्रति विशेष सावधानी बरते। पीने के पानी को 15-20 मिनट तक उबालने के बाद ठण्डा करके सेवन करे।
घर में किसी सदस्य में उल्टी-दस्त के लक्षण दिखायी देने पर ओआरएस का घोल बनाकर तुरन्त देना शुरू करें तथा उपचार हेतु नजदीकी स्वास्थ्य केन्द्र पर सम्पर्क करें। परिवार के वृद्धजनों एवं बच्चों का खान-पान एवं स्वास्थ्य का विशेष ध्यान रखे।
यदि घर से बाहर जा रहे हो तो पानी पीकर निकले एवं घर से साफ पीने का पानी साथ लेकर जाये। मौसमी बीमारियों से जुड़ी जानकारी, सहयोग एवं सहायता के लिए मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय कन्ट्रोल रूम नम्बर 0522-2622080 पर संपर्क कर सकते हैं।



