सरकार नदियाँ नहीं बजट साफ कर रही -अखिलेश यादव
आजम खान पर लगे मुकदमे होंगे वापस

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। सरकार नदियाँ नहीं बजट साफ कर रही है। बुधवार को प्रेस वार्ता में समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि भाजपा सरकार किसानों की जमीन और फसल की लूट कर रही है।
इस सरकार के नौ साल में भाजपा के लोगों ने बड़े पैमाने पर जमींनों पर कब्जा किया, जमींने हड़प ली। सरकारी जमीनों को बेच लिया है। सरकार ने बड़े-बड़े बिजनेस घरानों को अपना रियल स्टेट बैंक बनाने (जमीन बढ़ाने) की खुली छूट दी है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार और उसके फैसले किसानों के लिए कभी ईमानदार नहीं रहे।
किसानों के लिए डिजिटल प्लेट फार्म धोखा है। भाजपा सरकार ने नौ साल में इसे क्यों नहीं बनाया। इस सरकार में किसानों को खाद नहीं मिल रही। किसानों को खाद के बदले लाठियां मिल रही है। कृषि मंत्री के जिले के लोग बता रहे है कि खाद नहीं मिल रही है।
कृषि मंत्री को पता ही नहीं खाद कहां से आती है। खाद के लिए पहले से तैयारी करनी पड़ती है। खाद केवल यूपी नहीं मध्य प्रदेश में भी नहीं मिल रही है। गन्ना मूल्य नहीं बढ़ा। भाजपा सरकार जनता को गुमराह करने के लिए नयी-नयी योजना लाती है।
भाजपा का मौसम बहुत खराब हो चुका है। किसान भाजपा की विदाई करने के लिए तैयार है। 2027 में इनकी विदाई तय है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार में किसानों के हित में सबसे ज्यादा फैसले हुए। किसानों के लिए बजट, बढ़ाया गया था। समाजवादी पार्टी सरकार में किसानों के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर बेहतर करने का काम हुआ।
मंडियों को बनाया गया। मंडियों को आधुनिक किया गया। समाजवादी पार्टी की सरकार ने सिंचाई माफ किया। बिजली मिलती थी। खाद मिलती थी। कीटनाशक, दवाइयां सस्ती थी। डीजल सस्ता था। किसानों की मदद होती थी। अब किसानों की मदद नहीं होती। उन्होंने कहा कि समाजवादी सरकार में सबसे ज्यादा चीनी मिलें लगायी गयी। भाजपा सरकार ने बिजली का कोई कारखाना नहीं लगाया।
बुनकरों के लिए समाजवादी पार्टी की सरकार में सुविधांए दी गयी थी। समाजवादी पार्टी मुख्यालय पर अखिलेश यादव ने कहा कि जब सरकार के जाने का समय आया है तब मुख्यमंत्री को गोमती नदी की सफाई की याद आयी है। सरकार गोमती सफाई को लेकर सफेद टेबल पर बैठकर काला झूठ बोल रही है।
भाजपा सरकार की योजना जमीन पर नहीं सिर्फ अखबारों की हेड लाइन में दिखती है। अखिलेश यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार ने नदियों की सफाई के लिए एक मॉडल तैयार किया था। लखनऊ में गोमती नदी और वाराणसी में वरुणा नदी के लिए जो मॉडल बनाया था उसी मॉडल से नदियों की सफाई हो सकती है। लेकिन भाजपा सरकार नदियां नहीं साफ कर रही है। यह सरकार बजट साफ कर रही है।
भाजपा सरकार नदियों पर नहीं, नाले पर रिवर फ्रंट बना रही है। सरकार बजट को लूटने और भ्रष्टाचार करने का प्लान बनाती है। अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में महंगाई और भ्रष्टाचार चरम पर है। सोने की कीमत लगातार बढ़ती जा रही है। इतनी महंगाई कभी नहीं थी। इस महंगाई में गरीब लोग शादियों में बेटी को कील भी नहीं दे पाएंगे।
दस ग्राम सोना एक लाख 25 हजार रूपया के पार हो चला है। श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार जनता को स्वदेशी का चूरन देती है। स्वदेशी का नारा जनता को गुमराह करने के लिए दिया जा रहा है। भाजपा के लोग मुंह से स्वदेशी हैं मन से विदेशी हैं। अगर सरकार स्वदेशी का नारा दे रही है तो अपना बाजार विदेशी कम्पनियों के लिए क्यों खोल रखा है।
चीन हमारे देश के पूरे मार्केट पर कब्जा कर रहा है। सरकार चीन पर टैरिफ क्यों नहीं लगा रही है। अखिलेश यादव ने कहा कि कानून व्यवस्था एनकाउन्टर से नहीं ठीक हो सकती है। अगर एनकाउन्टर से कानून व्यवस्था नहीं ठीक हो सकती।उन्होंने कहा कि जो कानून व्यवस्था और भ्रष्टाचार पर जीरों टॉलरेंस की बात करते हैं वे बताएं कि कानपुर में अखिलेश दुबे के मामले में सौ तहरीर पड़ी है वहां बुलडोजर क्यों नहीं चला।
कानपुर में आईपीएस अपराधियों को बचा रहे हैं। उन्होंने कहा कि इस सरकार में कई फर्जी एनकाउन्टर हुए है। निर्दोष लोग मार दिये गये। जौनपुर और अन्य जगहों पर फर्जी एनकाउन्टर में पुलिस वाले जेल गये है। इस सरकार ने पुलिस के प्रति जनता का भरोसा तोड़ा है। पुलिस प्रताड़ना और भ्रष्टाचार से जनता में खौफ हैं।
पुलिस जनता की मदद के लिए होती है लेकिन इस सरकार ने पुलिस की छवि खराब कर दी है। जनता को पुलिस से डराया जा रहा है। सरकार पुलिस से राजनीतिक काम करा रही है। इसी लिए कानून व्यवस्था खराब है। बड़ी संख्या में लोग डिजिटल अरेस्ट हो रहे है।
सरकार ने 1090 सेवा को भी खराब कर दिया। अस्पतालों को बर्बाद कर दिया। सिविल हॉस्पिटल, लोहिया में अच्छा इलाज नहीं मिल रहा है। सिविल अस्पताल का एक्सटेंशन होना था, हमने जमीन खाली करायी लेकिन इस सरकार ने सिविल अस्पताल का विस्तार नहीं किया। केजीएमयू में इलाज न मिलने को लेकर खबरें आती रहती है।
श्री यादव ने कहा कि भाजपा सरकार में भेदभाव की पराकाष्ठा है। भेदभाव की वजह और दबाव के चलते लोग जान दे रहे है। इन सब घटनाओं से पीडीए समाज चिंतित है। हरियाणा के आईपीएस आत्महत्या मामले में जो भी दोषी हो उसे सजा मिले। अखिलेश यादव ने कहा कि बहराइच और आसपास के जिलों में जंगली जानवरों का आतंक है।
जानवर लोगों की जान ले रहे हैं। सरकार संवेदनहीन बनी हुई है। प्रदेश में जंगली जानवरों और सांड के हमले में लोगों की जान जा रही है। सरकार लोगों को बचाने के लिए कुछ नहीं कर रही है। अलीगढ़, लखनऊ में सांड के हमले से जान चली गयी। प्रदेश में सांड के हमले, टकराने से अब तक हजारों लोगों की मौत हो चुकी है। सरकार न बचाव के लिए कुछ कर रही है और न पीड़ितों की मदद कर रही है।
बिजली नहीं आती लेकिन बिल ज्यादा आता है। भाजपा सरकार ने प्रदेश में एक भी बिजली घर नहीं लगाया। श्री यादव ने कहा कि समाजवादी सरकार बनने पर मोहम्मद आजम खां साहब पर लगे सभी मुकदमे वापस लिए जाएंगे। पत्रकारों पर भी लगे झूठे मुकदमे वापस लिए जाएंगे।



