मुख्यमंत्री ने दीपावली पर राज्य कर्मचारियों को बोनस दिए जाने की घोषणा
प्रदेश सरकार के लगभग 14.82 लाख कर्मचारी होंगे लाभान्वित

लखनऊ,भारत प्रकाश न्यूज़। राज्य कर्मचारियों के लिए दिवाली बोनस बड़ी खुशखबरी के रूप में मानी जा रही है। मंगलवार को उप्र मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने दीपावली के पावन पर्व पर राज्य कर्मचारियों को बड़ा उपहार देते हुए वित्तीय वर्ष 2024-25 के लिए बोनस देने की घोषणा की है।
इस निर्णय से यूपी सरकार के लगभग 14.82 लाख कर्मचारी लाभान्वित होंगे। जिसपर कुल व्ययभार लगभग ₹1,022 करोड़ आएगा। उन्होंने निर्देश दिए कि पात्र कर्मचारियों को बोनस का भुगतान समयबद्ध रूप से सुनिश्चित किया जाए ताकि सभी परिवार इस पर्व को उल्लासपूर्वक मना सकें।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश की प्रगति में सरकारी कर्मचारियों की भूमिका अत्यंत महत्वपूर्ण है और सरकार हर स्तर पर उनके कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है। दीपावली के पहले यह आर्थिक लाभ राज्य कर्मचारियों के परिवारों के लिए आनंद और उत्साह लेकर आएगा तथा शासन-प्रशासन में नई ऊर्जा का संचार करेगा। साथ ही उन्होंने
समस्त राज्य कर्मचारियों को दीपावली अग्रिम बधाई दी। वहीं वित्त मंत्री ने मुख्यमंत्री द्वारा दीपावली के अवसर पर राज्य कर्मचारियों को बोनस दिये जाने के निर्णय के लिए बधाई दी है।
उत्तर प्रदेश के वित्त मंत्री सुरेश कुमार खन्ना ने मुख्यमंत्री द्वारा दीपावली के शुभ अवसर पर राज्य कर्मचारियों को बोनस दिये जाने के निर्णय के लिए हार्दिक बधाई दी है। उन्होंने कहा कि राज्य कर्मचारियों को दीपावली के अवसर पर वित्तीय वर्ष 2024-25 बोनस की घोषणा मुख्यमंत्री की कर्मचारियों के प्रति सदासयता एवं संवेदनशीलता का परिणाम है।
मुख्यमंत्री द्वारा बोनस की घोषणा कर्मचारियों के परिश्रम और निष्ठा के प्रति उनकी सराहना का प्रतीक है।
श्री खन्ना ने बताया कि बोनस का लाभ प्रदेश के 14,82,187 कर्मचारियों को मिलेगा, जिसमें 880187 राज्य कर्मचारी (अराजपत्रित) एवं कार्य प्रभारित कर्मचारी, 05 लाख शिक्षक सहायता प्राप्त शिक्षण संस्थाओं सहित एवं 01 लाख शिक्षणेत्तर कर्मचारी तथा 2000 दैनिक वेतन भोगी कर्मचारी शामिल हैं।
उन्होंने बताया कि प्रति कर्मचारी 6908 रुपये बोनस के रूप कर्मचारियों को मिलेगा। उन्होंने बताया कि इससे 1022.75 करोड़ रुपये का व्यय भार राज्य सरकार पर पड़ेगा।


